बिक्रम सिंह मजीठिया को आज भारी पुलिस सुरक्षा के साथ मोहाली कोर्ट में पेश किया गया, जहां माननीय अदालत ने बिक्रम मजीठिया को फिर से 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। अब इस मामले की सुनवाई 2 अगस्त को फिर होगी।
जानकारी के अनुसार, बिक्रम सिंह मजीठिया को भारी सुरक्षा के बीच वाहनों के काफिले में मोहाली कोर्ट लाया गया। इस मौके पर पंजाब पुलिस के सैकड़ों पुलिसकर्मियों ने जिला प्रशासनिक और कोर्ट परिसर को घेर लिया और मजीठिया को मीडिया से दूर रखा। गौरतलब है कि बिक्रम सिंह मजीठिया को जेल में आम कैदी की तरह रखा जाता है, लेकिन पेशी के दौरान उन्हें एक विशेष रास्ते से कोर्ट में दाखिल कराया गया।
25 जून को किया गया था अरेस्ट
बिक्रम मजीठिया के घर 25 जून को सुबह-सुबह विजिलेंस अधिकारियों ने रेड की थी। विजिलेंस के 30 अधिकारी मजीठिया के घर रेड करने पहुंचे थे। इस दौरान मजीठिया की पत्नी गनीव कौर ने विजिलेंस अधिकारियों पर धक्का मारने के आरोप भी लगाए थे। दोपहर सवा 12 बजे मजीठिया को उनके घर से गिरफ्तार किया गया। जिसके बाद कोर्ट में पेश करने के बाद उन्हें 7 दिन की रिमांड पर भेज दिया गया था।
FIR में 540 करोड़ रुपए की संपत्ति का जिक्र
मजीठिया पर 25 जून तड़के सुबह 4 बजे केस दर्ज किया गया था FIR के मुताबिक मजीठिया के पास 540 करोड़ रुपए से ज्यादा की संपत्ति जो उनकी घोषित आय से कहीं ज्यादा है। वहीं मनी लॉड्रिंग के लिए शेल कंपनियों का इस्तेमाल, संदिग्ध विदेशी लेनदेन को लेकर केस दर्ज किया गया है। वहीं विजिलेंस की टीम ने बिक्रम मजीठिया के घर से 29 मोबाइल फोन, 4 लैपटॉप, 2 आईपैड, 8 डायरियां और अन्य डॉक्यूमेंट्स बरामद किए गए हैं।माना जा रहा है कि विजिलेंस कुछ और दिन की रिमांड मांग सकती है। मजीठिया 26 जून से विजिलेंस की हिरासत में हैं।