ख़बरिस्तान, धर्मशाला
हिमाचल प्रदेश में लम्बे ड्राई स्पेल के बाद प्री मानसून एक्टिव होने से भारी बारिश का दौर शुरू हो गया है। शनिवार सुबह से अधिकांश इलाकों में रुक-रुक कर बारिश हो रही है। शिमला, कुल्लू, किन्नौर, लाहौल स्पीति सहित कई जिलों में तापमान में 10 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की गई है। कांगड़ा के पालमपुर में सबसे ज्यादा 12 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है। आईएमडी शिमला केंद्र के अनुसार हिमाचल में 21 जून तक मौसम खराब बना रहेगा। इस दौरान आंधी, बारिश और आसमानी बिजली गिरने को लेकर मौसम विभाग ने येलो अलर्ट भी जारी किया है।
वेस्टर्न डिस्टर्बेंस एक्टिव हुई
मौसम विभाग के बुलेटिन के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ के कारण हिमाचल में सभी जगहों पर प्री मानसून की बारिश हो रही है। मौसम विभाग के अनुसार इस दौरान उच्च पर्वतीय इलाकों में भारी वर्षा होगी। मध्य और निम्न पर्वतीय क्षेत्रों में बारिश के साथ ही 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं भी चल सकती हैं।