ख़बरिस्तान नेटवर्क, हिमाचल
हिमाचल प्रदेश में मंगलवार सुबह योगमय हो गई। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के मौके पर हजारों लोगों ने योग की विभिन्न क्रियाएं कर निरोग रहने का संदेश दिया। अटल टनल रोहतांग के नॉर्थ पोर्टल पर आठवें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर हुए कार्यक्रम में सेना, आईटीबीपी, एनडीआरएफ, अटल बिहारी पर्वतारोहण संस्थान और सीमा सड़क संगठन के जवान शामिल हुए। सरकारी स्तर पर और भाजपा ने भी कई कार्यक्रम आयोजित किए। सभी संसदीय क्षेत्रों कांगड़ा, हमीरपुर, शिमला और मंडी के शक्ति केंद्र और बूथ स्तर पर योग कार्यक्रम करवाया गया। कांगड़ा संसदीय क्षेत्र में इस कार्यक्रम में केंद्र से शिक्षा, कौशल विकास और उद्यमिता मंत्री धर्मेंद्र प्रधान तथा हिमाचल के वन, युवा सेवाएं और खेल मंत्री राकेश पठानिया कांगड़ा किले आयोजित कार्यक्रम में शामिल हुए। शिमला संसदीय क्षेत्र में शिमला संसदीय क्षेत्र के हिमरश्मि परिसर विकासनगर में कार्यक्रम में प्रदेशाध्यक्ष एवं सांसद सुरेश कश्यप, रिज मैदान के योग कार्यक्रम में मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर, पांवटा साहिब योग कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री सुखराम चौधरी और आईटीआई सोलन के कार्यक्रम में राजीव सैजल सम्मिलित हुए।

हमीरपुर संसदीय क्षेत्र के टिहरा सुजानपुर कटोच पैलेस में होने वाले योग कार्यक्रम में केंद्रीय सूचना और प्रसारण एवं युवा मामले और खेल मंत्री अनुराग ठाकुर तथा प्रदेश से खाद्य, नागरिक आपूर्ति और उपभोक्ता मामले मंत्री राजेंद्र गर्ग ने शिरकत की। पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल ने भी योग किया। हर विधानसभा हलके में विधायकों ने लोगों संग योग किया।