खबरिस्तान नेटवर्क। हैलो – मैं एमएलए साहब दा पीए बोल रेहां – जेहड़ा कम्म केहा ओह करदे क्यों नहीं ? जालंधर में आम आदमी पार्टी के विधायक रमन अरोड़ा का पीए बनकर सरकारी दफ्तरों में फोन करके ऐसे ही कुछ रौब झाड़ने वाले दो लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी दोनों सगे भाई हैं, जो बलदेव नगर के रहने वाले हैं।
इस बात का जब सेंट्रल विधानसभा क्षेत्र के विधायक रमन अरोड़ा को पता चला तो उन्होंने इसकी शिकायत पुलिस के पास की। पुलिस ने विधायक की शिकायत पर तुरंत एक्शन लेते हुए कार्रवाई शुरु कर दी और जिन नंबरों से फोन आते थे उन्हें सर्विलांस कर लगाया। पुलिस ने नंबरों को ट्रेस कर लिया। इसके बाद पुलिस ने उनकी लोकेशन का पता लगाया।
फोन जब्त किए
लोकेशन पता चलते ही पुलिस ने फर्जी वाड़ा करने वाले दो लोगों को मौके से उठा लिया। पुलिस ने दोनों से वह फोन भी बरामद कर लिया है जिसका प्रयोग वह सरकारी दफ्तरों में अधिकारियों और कर्मचारियों को धमकाने के लिए करते थे।
थाना 4 के SHO कमलजीत सिंह ने बताया कि पुलिस ने रोहित कुमार और अजय कुमार को काबू किया है। दोनों भाई अलग अलग दिन सरकारी दफ्तर में फोन कर खुद को विधायक रमन अरोड़ा का पीए बताकर काम करने का दबाव डालते थे। ये जानकरी ज़ब विधायक को मिली तो तत्काल कार्रवाई के लिए पुलिस कमिश्नर को कहा था।