वेब खबरिस्तान, चंडीगढ़। पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला हत्याकांड पर मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा कि गैंगस्टर्स ने 3-4 राज्यों में नेक्सस बना लिया है। हम नहीं चाहते कि कोई बचकर जा सके। इसलिए केंद्र और राज्यों के साथ मिलकर चल रहे हैं। राजस्थान और हरियाणा पुलिस से भी तालमेल किया है।
उत्तराखंड से भी एक बदमाश को गिरफ्तार किया है। मान ने कहा कि पंजाब में लॉ एंड ऑर्डर की स्थिति कंट्रोल में है। राज्य और यहां के लोगों की सुरक्षा की जिम्मेदारी मेरी है।
पंजाब पुलिस ने 11 बदमाश पकड़े
सिद्धू मूसेवाला हत्याकांड की जांच पंजाब पुलिस कर रही है। पंजाब पुलिस ने 11 बदमाश पकड़े हैं। मगर कोई भी शार्प शूटर पंजाब पुलिस के हाथ नहीं लगा। पंजाब पुलिस ने इस मामले में 4 शार्प शूटर्स को संदिग्ध माना है। इनमें से एक प्रियवर्त फौजी को कल दिल्ली पुलिस गुजरात के मुंद्रा पोर्ट के नजदीक एक घर से पकड़ चुकी है। दिल्ली पुलिस मूसेवाला हत्याकांड में पंजाब पुलिस से एक कदम आगे चल रही है।
सिख फॉर जस्टिस (SFJ) सरगना गुरपतवंत पन्नू के खालिस्तान मुहिम पर CM भगवंत मान ने कहा कि पंजाब की शांति को भंग करने की कोशिश हो रही है। पंजाब की धरती उपजाऊ है, लेकिन हालांकि नफरत का बीज नहीं उगेगा।