वेब खबरिस्तान, चंडीगढ़। मानसा जेल से प्रोडक्शन वारंट पर लाए गैंगस्टर मनमोहन सिंह मोहना को कांग्रेस नेता अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने कांग्रेस में शामिल करवाया था। मोहना पर पंजाब विधानसभा चुनाव के दौरान पंजाबी सिंगर सिद्धू मूसेवाला की रेकी का शक है। उसके घर 4 लोग भी ठहरे थे। जिन पर शार्प शूटर होने का संदेह है।
अकाली दल से जुड़ा था मोहना
गैंगस्टर मनमोहन सिंह मोहना अकाली दल से जुड़ा हुआ था। पंजाब चुनाव के दौरान वह कांग्रेस में शामिल हुआ। उसकी फोटो कांग्रेस की बुढलाडा से उम्मीदवार रणवीर कौर ने अपने सोशल मीडिया पर अपलोड की थी। अब सवाल यह खड़ा हो रहा है कि क्या वह मूसेवाला के नजदीक जाने के लिए कांग्रेस में शामिल हुआ था। मूसेवाला भी मानसा सीट से कांग्रेस की टिकट पर चुनाव लड़ रहे थे।
मोहना मानसा का रहने वाला
मनमोहन मोहना मानसा का रहने वाला है। उस पर कई क्रिमिनल केस दर्ज हैं। बुढलाडा ट्रक यूनियन प्रधान दर्शन सिंह के मर्डर के केस में वह जेल में बंद है। पंजाब पुलिस गैंगस्टर लॉरेंस को दिल्ली की तिहाड़ जेल से प्रोडक्शन वारंट पर लाई है। उससे पूछताछ के बाद ही मोहना का नाम सामने आया। पुलिस उसे लॉरेंस के सामने बिठाकर पूछताछ कर रही है ताकि मूसेवाला की हत्या करने वाले शार्प शूटर्स का पता लगाया जा सके।