वेब खबरिस्तान। तरनतारन के कस्बा पट्टी में प्रेम विवाह करने वाली युवती को उसके भाइयों ने दातर से काटकर मार डाला। तीन महीने पहले युवती ने स्थानीय न्यायालय में अपने प्रेमी के साथ शादी की थी। मगर लड़की का परिवार इस शादी से खुश नहीं था। इसी नाराजगी में लड़की के सगे और चचेरे भाई ने सरेबाजार ढाई मिनट में दातरों से उसे काट दिया। बीच सड़क में लड़की पांच मिनट तक तड़पती रही और उसके बाद उसकी मौत हो गई। थाना पुलिस ने मृतक स्नेहा के सगे भाई रोहित और चचेरे भाई अमर के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। अपराधी फरार हैं।
छिपकर स्थानीय अदालत में राजन के साथ शादी की
जानकारी अनुसार स्नेहा का राजन जोशन के साथ प्रेम-प्रसंग था। दोनों के प्यार से लड़की का परिवार खुश नहीं था। मगर इसके बावजूद दोनों ने शादी करने का मन बना लिया। स्नेहा ने अपने परिजनों से छिपकर स्थानीय अदालत में राजन के साथ शादी कर ली। इसी बात को लेकर स्नेहा के भाई और मां दोनों के खिलाफ रंजिश रखने लगे।
भाइयों ने रास्ते में घेर लिया
शुक्रवार रात को स्नेहा घर से बाजार की तरफ कुछ सामान लेने के लिए निकली। पहले से ही घात लगा कर बैठे स्नेहा के भाइयों ने उसे रास्ते में घेर लिया। पहले उन्होंने स्नेहा को थप्पड़ मारे। इसके बाद दातर से उसे काट डाला। पूरी वारदात ढाई मिनट में हुई। वारदात को अंजाम देने के उपरांत दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए।
सूचना पाने पर संबंधित थाना पुलिस एवं संबंधित डीएसपी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में ले लिया। थाना पट्टी के प्रभारी एसएचओ बलविंदर सिंह औलख ने बताया कि प्राथमिक जांच में सामने आया कि लड़की का परिवार प्रेम विवाह से खुश नहीं था। इसलिए लड़की को मौत के घाट उतारा गया। इस मामले में लड़की के परिवार के दो लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया। हत्या करने वाले लड़की के भाई थे। छापेमारी की जा रही है। जल्द ही दोनों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। सीसीटीवी कैमरे की मदद भी ली जा रही है।