वेब खबरिस्तान, चंडीगढ़। पुणे के शार्प शूटर संतोष जाधव ने सिद्धू मूसेवाला की हत्या में हाथ होने से साफ़ इनकार किया है। पुणे पुलिस की ओर से की गयी पूछताछ में जाधव ने कहा कि जिस दिन मूसेवाला की हत्या हुई, मैं गुजरात में था। बता दें कि संतोष जाधव को पुणे पुलिस ने मर्डर केस में गुजरात के कच्छ से ही गिरफ्तार किया था।
मगर जाधव का दावा कितना सही है? इसकी जांच के लिए पुणे पुलिस गुजरात पहुंच चुकी है। पंजाब पुलिस को भी इस संबंध में पुणे पुलिस ने इनपुट शेयर किया है।
दिल्ली पुलिस का दावा था- महाकाल का हत्याकांड से कोई लेना देना नहीं
दिल्ली और पुणे पुलिस ने कुछ दिन पहले शार्प शूटर सौरव महाकाल को पकड़ा था। उससे पूछताछ के बाद दिल्ली पुलिस ने दावा किया था कि महाकाल मूसेवाला हत्याकांड में शामिल नहीं। दिल्ली पुलिस ने कहा था कि महाकाल ने कहा कि संतोष जाधव और उसका साथी नवनाथ सूर्यवंशी मूसेवाला हत्याकांड में शामिल हैं। मगर अब संतोष जाधव भी मुकर गया है।
पंजाब पुलिस चार शूटरों की तलाश में
कुछ दिन पहले 8 शार्प शूटर्स की लिस्ट सामने आई थी। इसमें दावा किया गया कि यह सब मूसेवाला के कत्ल में शामिल थे। यह लिस्ट दिल्ली पुलिस की बताई गई। लेकिन पंजाब पुलिस ने इस मामले में 4 शार्प शूटरों की शिनाख्त की है। इसमें हरियाणा के सोनीपत के प्रियवर्त फौजी और अंकित सेरसा के अलावा पंजाब के अमृतसर निवासी जगरूप रूपा और मोगा का रहने वाला मनु कुस्सा शामिल है। पंजाब पुलिस इन्हीं चारों की तलाश कर रही है।