ख़बरिस्तान नेटवर्क : केरल के कोच्चि में सोमवार को सिंगापुर के एक कंटेनर शिप में अचानक जोरदार ब्लास्ट हुआ और आग लग गई। समुद्र के बीचों बीच दूर-दूर तक धुएं का गुबार देखने को मिला। बताया जा रहा है कि इस हादसे 4 क्रू मेंबर लापता हो गए हैं। जिनकी तलाश की जा रही है।
इंडियन कोस्ट गार्ड के मुताबिक कंटेनर शिप एमवी वान हाई 503 से इमरजेंसी अलर्ट मिला था और बेपोर से करीब 88 समुद्री मील दूर जहाज में रखे एक कंटेनर में विस्फोट के बाद आग लगी थी। यह जहाज 7 जून 25 को 22 क्रू मेंबर्स के साथ श्रीलंका के कोलंबो पोर्ट से मुंबई के लिए रवाना हुआ था, जिसे 10 जून को पहुंचना था।
हादसे के बाद 4 क्रू मेंबर्स लापता
धमाके की जानकारी मिलने के बाद कोर्ट गार्ड की टीम ने तत्काल रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया, लेकिन आग धीरे-धीरे शिप पर रखे बाकी कंटेनर्स में भी फैल गई। इसके बाद 18 क्रू मेंबर लाइफ सेविंग राफ्ट पर सवार होकर जहाज से बाहर निकले। हालांकि हादसे के बाद से चालक दल के चार सदस्य लापता बताए जा रहे हैं, जिनमें दो ताइवानी, एक इंडोनेशियाई और म्यांमार का एक नागरिक शामिल है। इसके अलावा जहाज पर आग लगने से पांच लोग घायल भी हुए हैं।
इंडियन नेवी ने अपने एक बयान में कहा कि कंटेनर शिंप पर धमाके की जानकारी सबसे पहले सुबह करीब 10.30 बजे मुंबई स्थित समुद्री परिचालन केंद्र की तरफ से कोच्चि में दी गई थी। नौसेना ने बताया कि 270 मीटर लंबा और 12.5 मीटर ड्राफ्ट वाला यह जहाज 7 जून को कोलंबो से मुंबई के लिए रवाना हुआ था, जिसके 10 जून तक पहुंचने की उम्मीद थी। नेवी की तरफ से तत्काल मदद के लिए हर संभव कोशिश की जा रही है।