पंजाब में गर्मी लगातार बढ़ती जा रही है। वही जालंधर में एक व्यक्ति की गर्मी से मौत भी हो गई । जानकारी देते हुए पुलिस ने बताया कि दोपहर साइकिल स्टैंड के सामने वाले पार्क में एक व्यक्ति का शव बरामद हुआ था, जिसकी मौत लू के कारण हुई है। वही आज हीटवेव को लेकर पंजाब के कई जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। पिछले 24 घंटों के दौरान पंजाब में औसत अधिकतम तापमान में 1.2 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हुई, जो सामान्य से 3.8 डिग्री सेल्सियस अधिक दर्ज किया गया।
तापमान हुआ 46 डिग्री के पार
मौसम विभाग के अनुसार, राज्य में सबसे अधिक तापमान लुधियाना के समराला में 46.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा चंडीगढ़ में 43.8 डिग्री सेल्सियस, बठिंडा में 44.6 डिग्री सेल्सियस, अमृतसर में 44.2 डिग्री सेल्सियस और लुधियाना में 43.9 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।
मौसम विभाग ने ऑरेंज अलर्ट जारी करते हुए लोगों को अगले कुछ दिनों तक सतर्क रहने की चेतावनी दी है। खासकर अमृतसर, तरनतारन, फिरोजपुर, फाजिल्का, मुक्तसर, फरीदकोट, मोगा, बठिंडा, मानसा और बरनाला में गर्मी और गर्म रातों का असर ज्यादा देखने को मिल रहा है।
14 जून से मिल सकती है राहत
मौसम विभाग के अनुसार 14 जून से पंजाब में आंधी और तेज हवाएं (40-50 किलोमीटर प्रति घंटा) चलने की संभावना है। इससे गर्मी से कुछ राहत मिल सकती है। 13 जून तक जहां ज्यादातर जिलों में लू की चेतावनी जारी है, वहीं 14 जून से मौसम में बदलाव के संकेत मिल रहे हैं।