हिमाचल प्रदेश के चंबा-पठानकोट राष्ट्रीय राजमार्ग पर रविवार सुबह सुबह करीब 3 बजे बड़ा सड़क हादसा हो गया। जहा परेल घार में एक स्विफ्ट कार अनियंत्रित होकर रावी नदी में जा गिरी। इस हादसे के दौरान कार में पंडित जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज, चंबा के चार इंटर्न डॉक्टर सवार थे।
एक डॉक्टर की मौके पर ही मौत
हादसे में हमीरपुर के बड़सर गांव निवासी इंटर्न डॉक्टर अखिलेश की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं शिमला के रोहड़ू की रहने वाली इंटर्न डॉक्टर इशिका नदी के तेज बहाव में बह गईं और लापता हैं। शिमला के रिशांत और सोलन के दिव्यांक घायल हो गए। दोनों का इलाज मेडिकल कॉलेज चंबा में चल रहा है।
जांच में जुटी पुलिस
जानकारी के अनुसार चारों इंटर्न डॉक्टर चंबा से लौट रहे थे। लेकिन इस दौरान परेल के पास कार अचानक बेकाबू होकर गहरी खाई से होते हुए नदी में जा गिरी। एसपी चंबा अभिषेक यादव ने हादसे की पुष्टि की है। पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।