मोहाली के खरड़ में घर की सफाई करने आई महिला पर 2 पिटबुल कुत्तों ने अचानक हमला कर दिया। कुत्तों ने पीड़िता राखी का आधा मुंह खा लिया, इसके अलावा उसकी गर्दन, पेट, हाथ और दोनों पैरों पर भी काटने के काफी घाव हैं।
शादी में गया था परिवार
जिस घर में पिटबुल कुत्तों का यह जोड़ा रखा गया है वह घर गुरु तेग बहादुर नगर में प्रकाश सिंह का है। प्रकाश सिंह के बेटे की शादी थी, जिसके कारण वह अपने परिवार के साथ शादी में गए थे। वहीं घर में उसकी सास अकेली थी। प्रकाश सिंह ने बताया कि दोपहर में उनके किसी रिश्तेदार ने कुत्तों को रोटी दी थी। लेकिन दोपहर 4 बजे घर में काम करने आई महिला राखी जैसे ही घर में घुसी तो खुले में घूम रहे दो पिटबुल कुत्तों ने अचानक उस पर हमला कर दिया। हमले में उसकी गर्दन और मुंह का एक बड़ा हिस्सा कुत्तों ने नोच कर खा लिया।

खतरनाक कुत्तों से बचाने की लोगों में हिम्मत नहीं
कुत्तों के चंगुल से खुद को छुड़ाने के राखी ने करीब एक घंटे तक संघर्ष किया और आस-पास के लोगों को मदद के लिए बुलाती रही, लेकिन आसपास रहने वाला कोई भी व्यक्ति इन खतरनाक कुत्तों के चंगुल से महिला को बचाने की हिम्मत नहीं कर सका। हालांकि सड़क से गुजर रहे एक सिख व्यक्ति ने साहस दिखाया और किसी तरह पत्थर आदि फेंककर घायल महिला को इन कुत्तों से छुड़ाया और घर से बाहर निकाला। फिर तुरंत घर का मेन गेट बंद कर दिया ताकि कुत्ते उनका पीछा करते हुए बाहर न आ सकें।
गंभीर हालत देखते हुए चंडीगढ़ किया रेफर
आसपास के लोगों की मदद से घायल राखी को सरकारी अस्पताल खरड़ ले जाया गया, जहां उसकी गंभीर हालत के कारण उसे चंडीगढ़ रेफर कर दिया गया।
पहले दिन काम पर आई थी महिला
राखी के पति कल्लू ने बताया कि वह मूल रूप से उत्तर प्रदेश का रहने वाला है। लेकिन GTB नगर में किराए का मकान लेकर मजदूरी आदि कर रहा है जबकि उसकी पत्नी राखी लोगों के घरों में बर्तन, सफाई आदि का काम करती है। साथ में कल्लू ने बताया प्रकाश सिंह के घर में उनकी पत्नी पहले दिन ही काम पर आई थी कि यह हादसा हो गया।