पंजाब में गर्मी का कहर जारी है। वही मौसम विभाग ने आज भी लू के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। आज से वेयटर्न डिस्टर्बन्स सक्रिय हो रहा है, जिससे मौसम में कुछ बदलाव आ सकता है। मौसम विभाग के अनुसार 14 और 15 जून को कुछ स्थानों पर लू चलने और हल्की बारिश की संभावना है। इसके बाद 18 तारीख तक अलग अलग स्थानों पर आंधी-बारिश, बिजली चमकने और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलेंगी।
वही हालांकि पिछले 24 घंटे में तापमान में मात्र 0.1 डिग्री की कमी आई है, लेकिन तापमान अभी भी सामान्य से करीब 5 डिग्री अधिक बना हुआ है। सबसे अधिक गर्मी बठिंडा में दर्ज की गई, जहां तापमान 46.8 डिग्री तक पहुंच गया।
8 जिलों में हीटवेव का रेड अलर्ट
भयंकर गर्मी को देखते हुए राज्य को तीन भागों में बांटकर मौसम पूर्वानुमान जारी किया गया है। फरीदकोट, फाजिल्का, मुक्तसर, बठिंडा, अमृतसर, तरनतारन, मानसा और फिरोजपुर में हीटवेव का रेड अलर्ट जारी किया गया है। इन इलाकों में रात को भी तापमान अधिक रहने की संभावना है।
सभी जिलों में तापमान 40 डिग्री से ऊपर
दूसरी ओर, कपूरथला, जालंधर, लुधियाना, बरनाला, मोहाली और फतेहगढ़ साहिब में कुछ स्थानों पर हीटवेव चलने की संभावना है और रात में गर्मी रहने की संभावना है। इसके अलावा पहाड़ी इलाकों से सटे पठानकोट, गुरदासपुर, होशियारपुर, मोगा, संगरूर, रूपनगर और पटियाला में भी हीटवेव का अलर्ट जारी किया गया है। सभी जिलों में तापमान 40 डिग्री से ऊपर दर्ज किया जा रहा है।