खबरिस्तान नेटवर्क: लुधियाना में आइसक्रीम से छिपकली निकलने का मामला सामने आया है। दरअसल, 7 साल के बच्चे ने गली से 20 रुपये की दो चोको बार कुल्फी खरीदी। जब वह घर गया और एक कटोरी में आइसक्रीम खा रहा था, तो अचानक उस आइसक्रीम से छिपकली निकल आई। जिसके बाद इलाके में हड़कंप मच गया। यह घटना ग्यासपुरा स्थित इलाके के सुंदर नगर की है।
आइसक्रीम विक्रेता ने कंपनी की पैकेजिंग का हवाला दिया
जब लोगों ने आइसक्रीम बेचने वाले व्यक्ति को पकड़ा, तो उसने हवाला दिया कि आइसक्रीम कंपनी की पैकेजिंग में आई है। बच्चे की दादी ने आइसक्रीम विक्रेता से इलाके में आइसक्रीम न बेचने का अनुरोध किया था, लेकिन आइसक्रीम विक्रेता नहीं माना। वह कुछ गली दूर जाकर फिर से आइसक्रीम बेचने लगा। बच्चे की दादी ने हंगामा किया और लोगों की मदद से आइसक्रीम विक्रेता को पकड़ लिया।
बच्चे को अस्पताल ले जाया गया
जानकारी देते हुए इलाके के निवासी नरिंदर कुमार ने बताया कि एक व्यक्ति साइकिल की रेहड़ी पर आइसक्रीम बेच रहा था। बच्चे ने आइसक्रीम खरीदी। आइसक्रीम खाते समय कटोरी में छिपकली दिखी। बच्चे की हालत खराब होने से बचाने के लिए उसे तुरंत निजी अस्पताल ले जाया गया। जहां उसकी हालत अब ठीक है। बच्चे की दादी ने बताया कि मेरे पोते ने दो आइसक्रीम खरीदी थी। जैसे ही वह घर गया और आइसक्रीम खाने लगा तो बीच से मरी हुई छिपकली निकली।
जिसके बाद उन्होंने आइसक्रीम विक्रेता से इलाके में आइसक्रीम न बेचने को कहा लेकिन वह नहीं माना और दोबारा इलाके में आइसक्रीम बेचने लगा। जिससे लोगों ने गुस्सा होकर उसे पकड़ लिया, लेकिन आइसक्रीम विक्रेता अपनी गलती नहीं मान रहा है। वहीं समाजसेवी संदीप शुक्ला ने बताया कि यह घटना वार्ड नंबर 36 सुंदर नगर 5/8 नंबर गली की है। घटना के तुरंत बाद मैंने अपनी टीम के सदस्यों को मौके पर भेजा। बच्चा अब ठीक है। स्वास्थ्य विभाग पर यह बड़ा सवाल है कि स्थानीय आइसक्रीम फैक्ट्रियां कैसे चल रही हैं और बिना किसी जांच के बाजार में आइसक्रीम सप्लाई की जा रही है। फिलहाल आइसक्रीम विक्रेता के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई गई है।