ख़बरिस्तान नेटवर्क : सहारनपुर में सेना के अपाचे हेलिकॉप्टर की इमरजैंसी लैंडिंग करवानी पड़ गई। करीब 4 बजे पायलट ने यमुना नदी के किनारे गांव जोधेबास में इसकी लैंडिंग करवाई। जैसे ही इसका लोगों को पता चला तो वहां पर भीड़ इकट्ठा हो गई। इसके बाद पुलिस और सेना ने मिलकर पूरे इलाके को सील कर दिया।
दोनों पायलट सुरक्षित
गनीमत रही कि इस घटना में कोई जान-माल का नुकसान नहीं हुआ। हेलिकॉप्टर में सवार दोनों पायलट सुरक्षित हैं। सहारनपुर में सरसावा एयरपोर्ट से टेक्नीशियन बुलाए गए हैं। इमरजेंसी लैंडिंग की वजह तकनीकी खामी बताई गई है। आसपास के गांवों से लोग हेलिकॉप्टर देखने पहुंचे हैं।
प्रैक्टिस के लिए उड़ान भरी थी
सहारनपुर के एसपी सागर जैन ने बताया अपाचे हेलिकॉप्टर सरसावा एयरफोर्स से नियमित अभ्यास उड़ान पर था। हवा में तकनीकी खराबी के चलते इमरजेंसी लैंडिंग करानी पड़ी। हेलिकॉप्टर में कोई विस्फोट या अन्य दुर्घटना नहीं हुई है। यह एक कंट्रोल्ड व सेफ लैंडिंग रही।