ख़बरिस्तान नेटवर्क : सूफ़ी इस्लामिक बोर्ड (SIB) की पार्टनर प्रोफ़ाइल को माई भारत पोर्टल पर स्वीकृति प्रदान की गई है। यह पोर्टल युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय भारत सरकार की एक दूरदर्शी पहल है, जिसका उद्देश्य वर्ष 2047 तक “विकसित भारत” के लक्ष्य को साकार करना है। सूफ़ी इस्लामिक बोर्ड (SIB) पहला मुस्लिम संगठन है जिसे मंत्रालय ने “भारतीयता” पर किए गए कार्यों के आधार पर ऑनबोर्ड किया है। यह अपने आप में एक ऐतिहासिक कदम है, जो सभी धर्मों को जोड़ते हुए युवाओं को राष्ट्र निर्माण की दिशा में प्रेरित करेगा।
इस पर सूफी बोर्ड ने कहा कि हम माननीय युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्री मनसुख मांडविया का हार्दिक धन्यवाद करते हैं, जिन्होंने सूफ़ी इस्लामिक बोर्ड को इस दृष्टि से जोड़ने की महत्वपूर्ण पहल की। यह कदम भारत को वर्ष 2047 तक विकसित राष्ट्र बनाने की दिशा में एक बड़ा योगदान है। सूफ़ी इस्लामिक बोर्ड (SIB) और सर्व धर्म ख़्वाजा मंदिर (SDKM) साझेदारी में मिलकर इस मिशन को आगे बढ़ा रहे हैं।
सूफ़ी इस्लामिक बोर्ड नॉर्थ के उपाध्यक्ष एवं सर्व धर्म ख़्वाजा मंदिर (SDKM) के संस्थापक एवं अध्यक्ष डॉ. सूफ़ी राज जैन ने मंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह पहल युवाओं और समाज को राष्ट्र निर्माण की दिशा में एकजुट करने वाला महत्वपूर्ण कदम है। SIB और SDKM मिलकर भारत को 2047 तक एक विकसित राष्ट्र बनाने के संकल्प को और अधिक मजबूत करेंगे।