ख़बरिस्तान नेटवर्क : पंजाब में बारिश के बाद मौसम लगातार बदल रहा है। मौसम विभाग के अनुसार, राज्य में अधिकतम तापमान में औसतन 1.6 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हुई है। हालांकि यह सामान्य के करीब है, लेकिन गर्मी का असर बढ़ रहा है। पंजाब में अगले तीन दिनों तक तापमान में वृद्धि जारी रहेगी। हालांकि, 17 मई से इसमें और राहत मिलने की संभावना है। विभाग ने 17 मई को राज्य के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश की संभावना जताई है।
इन जिलों में होगी बारिश
इस दौरान 11 जिले में बारिश हो सकती है। इस दिन नवांशहर, मोहाली, पटियाला, संगरूर, मानसा, बठिंडा, फाजिल्का और मुक्तसर जिलों में छिटपुट बारिश हो सकती है। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार बुधवार को राज्य का सबसे अधिक तापमान बठिंडा स्थित एयरफोर्स स्टेशन पर 41.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से 2.4 डिग्री अधिक था।
इसके साथ ही चंडीगढ़ शहर का अधिकतम तापमान 39.9 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि लुधियाना में 40.6 डिग्री सेल्सियस और पटियाला में 40.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, अमृतसर और गुरदासपुर जैसे जिलों में भी तापमान 38 डिग्री सेल्सियस से ऊपर रहा, जिससे भीषण गर्मी जैसे हालात पैदा हो गए।
14 राज्यों में आंधी-बारिश की चेतावनी
मौसम विभाग ने बिहार-छत्तीसगढ़ समेत 14 राज्यों में आंधी-बारिश की चेतावनी जारी की है। गुजरात, असम समेत 9 राज्यों में तेज बारिश का अलर्ट है। वहीं, झारखंड और उत्तर प्रदेश में एक बार फिर गर्मी बढ़ सकती है और यहां उमस की संभावना है।