खबरिस्तान नेटवर्क: ऑपरेशन सिंदूर के बाद पाकिस्तान की तरफ से लगातार चौथे दिन भी भारत पर ड्रोन से अटैक किया गया, जिसे भारत के डिफेंस सिस्टम ने नाकाम किया। इस दौरान पंजाब के कई शहरों में शुक्रवार रात के बाद शनिवार सुबह धमाकों की आवाज सुनाई दी। पूरे पंजाब में हाई अलर्ट है। जालंधर में रात करीब डेढ़ बजे एक के बाद एक करीब छह धमाकों की आवाज सुनी गई। इस दौरान ब्लैकआउट था। रात को इंटरनेट भी बंद हो गया। शेखे पिंड और पठानकोट चौक के आसपास इलाकों में लोगों ने इन धमाकों को ज्यादा महसूस किया।
जालंधर कैंट में आज बाजार बंद
सुबह जालंधर के कंगनीवाल में ड्रोन के टुकड़े मिले। शहर में सुबह ही 2 बम धमाके होने से अफरा-तफरी मच गई। जालंधर वेस्ट के बस्ती दानिशमंदा और बस्ती पीरदाद इलाके के निकट गांव नाहला में यह धमाके हुए। जिसके बाद प्रशासन ने Jalandhar Cantt व आदमपुर के बाजार बंद रखने को कहा है। लोगों को एक जगह इकट्ठे न होने की अपील की जा रही है।
जालंधर प्रशासन ने जारी की एडवाइजरी
जालंधर प्रशासन ने धमाके के बाद एडवाइजरी जारी की है। इस दौरान बड़ी सभाओं या भीड़ से बचने को कहा है, साथ ही
खुले में घूमने से बचें, ऊंची इमारतों में जाने से बचने को कहा है।
सेना ने नष्ट किया ड्रोन
पठानकोट एयरबेस, अमृतसर, आदमपुर और जालंधर कैंट में सुबह 5 बजे तेज धमाके सुनाई दिए। इसके अलावा अमृतसर में ड्रोन दिखाई दिया, जिसे सेना ने नष्ट कर दिया। होशियारपुर में टांडा उड़मुड़ के गांव सुंदरा पुत्तां और जालंधर के कंगनीवाल में ड्रोन के टुकड़े मिले हैं
वीरवार रात भी किया था हमला
इससे पहले वीरवार की रात पंजाब के सैन्य ठिकानों पर पाकिस्तान ने हमला किया, जिसका हमारे डिफेंस सिस्टम ने मुंह तोड़ जवाब दिया। सारी मिसाइलें और रॉकेट हवा में ही नष्ट कर दिए गए। देर रात साढ़े दस बजे के बाद शुरू हुआ धमाकों का सिलसिला अल सुबह तक जारी रहा। रात को पाकिस्तान ने पठानकोट, अमृतसर, कपूरथला, जालंधर, आदमपुर, लुधियाना, बठिंडा और चंडीगढ़ में सैन्य ठिकानों पर रॉकेट और मिसाइलों दागीं थी। हालांकि, भारत के एयर डिफेंस सिस्टम ने आसमान में ही मिसाइलों को न्यूट्रलाइज (नष्ट) कर दिया। पठानकोट में एक जेट गिराने की खबर भी आई, मगर इसकी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं है।
पंजाब के पठानकोट और अमृतसर में शुक्रवार की सुबह-सुबह धमाकों की आवाज सुनाई दी थीं। पठानकोट में सुबह साढ़े 4 बजे 3-4 धमाकों की आवाज सुनी गई। वहीं अमृतसर में 5:20 बजे धमाके की आवाज सुनी। इसके बाद जिला प्रशासन की तरफ से अलर्ट जारी किया गया।