सर्दियों में ज्यादातर लोगों के दिन की शुरुआत चाय के साथ होती है। अदरक, इलायची या लौंग की चाय किसे पीना पसंद नहीं होता। बता दें कि चाय सबसे अधिक पीने जाने वाले पेय पदार्थों में से एक है। गर्मागर्म चाय की चुस्कियां हर किसी की रूटीन का अहम हिस्सा बन चुकी हैं। सुबह हो या शाम, लोग चाय पीने से किसी तरह का परहेज नहीं करते हैं। कई लोग तो बिना चाय के बेचैन रहते हैं और उनका काम चाय पिए बिना आगे ही नहीं बढ़ता है। लगभग हर दूसरे-तीसरे व्यक्ति को चाय की लत लग चुकी है। एक ऐसी लत, जो समय के साथ साथ कई बीमारियों को आमंत्रण दे सकती है। आपको जानकर हैरानी होगी कि दिनभर में बहुत ज्यादा चाय पीने से कई स्वास्थ्य समस्याएं हो सकती हैं और सेहत पर इसका खतरनाक प्रभाव पड़ सकता है। आपको बताते हैं हद से ज्यादा चाय पीने के नुकसान क्या होते हैं।
वैसे तो सिर दर्द हो या थकान या फिर सर्दी-जुकाम इन सब को दूर करने के लिए चाय फायदेमंद है। यहां तक कि कुछ तरह की चाय का प्रयोग तो वजन कम करने में भी किया जाता है। लेकिन आपको जानकर हैरानी होगी कि चाय का ज्यादा सेवन नुकसानदायक भी हो सकता है। यह नुकसानदायक प्रभाव आपकी सेहत को बहुत अधिक प्रभावित कर सकते हैं जिनके विषय में आपको जानना जरूरी है। चाय को बहुत सी शारीरिक बीमारी जैसे कि क्रोनिक कंडीशन, हार्ट डिजीज, डायबिटीज, मोटापा या कैंसर के उपचार में नेचुरल ट्रीटमेंट में भी प्रयोग किया जाता है। सीमित मात्रा में इसका सेवन आपके लिए एक अच्छा विकल्प हो सकता है। लेकिन यदि आप रोजाना 4 कप से अधिक चाय पीते हैं तो यह आपकी सेहत को काफी प्रभावित कर सकता है।
चाय की लत बेहद खतरनाक
बता दें कि दिन में बार बार चाय पीने से शरीर में आयरन की कमी हो सकती है। दरअसल चाय की पत्ती में टैनिन नाम का एक पदार्थ होता है, जो शरीर में मौजूद आयरन के तत्वों से चिपक जाता है और उन्हें पाचन क्रिया से समाप्त कर देता है। इस कारण कोई भी व्यक्ति एनीमिया का शिकार हो सकता है। ऐसे में जो लोग खून की कमी से जूझ रहे हैं, उन्हें खासतौर पर चाय से दूरी बना लेनी चाहिए। उनके लिए चाय की लत बेहद खतरनाक साबित हो सकती है। चाय में कई अन्य तत्व होते हैं, जिनकी अधिकता शरीर में बीमारियों को बुलावा दे सकती है।
ज्यादा चाय पीने के नुकसान -
- कैफ़ीन का सेवन करने से आपको नींद कम आती है। इसलिए चाय का अधिक मात्रा में सेवन करना आपकी नींद को काफी प्रभावित कर सकता है। अगर आपको अच्छी नींद नहीं आयेगी तो इससे काफी सारी स्वास्थ्य समस्याएं उत्पन्न हो सकती हैं।
– ज्यादा चाय पीने से बेचैनी और थकान भी व्यक्ति को परेशान कर सकती है। चाय की पत्तियों में कैफीन की मात्रा ज़्यादा होती है जो शरीर में बेचैनी और थकान बढ़ाता है।
– चाय की पत्ती में कुछ तत्व ऐसे भी होते हैं, जिनसे हमारा जी मचलता है। इस प्रभाव को अंग्रेजी में नौजिया भी कहा जाता है। इस प्रभाव की वजह से हमें बार बार उल्टी जैसी फीलिंग आ सकती है।
– कई बार चाय पीने के कारण व्यक्ति को पेट की दिक्कतों का भी सामना करना पड़ सकता है। इसमें एसिडिटी और गैस जैसी दिक्कतें शामिल हैं।
- चाय पीने से सिर दर्द ठीक होता है लेकिन अगर चाय का सेवन अधिक मात्रा में किया जाए तो यह उल्टा असर कर सकती है। अगर आप दिन में कई कई बार बिना रुके चाय पीते हैं तो काफी अधिक सिर दर्द महसूस हो सकता है। बिना वजह सिर दर्द हो रहा है तो इस बात को भी जरूर ध्यान में रखें।
- एक गर्भवती महिला को अधिक कैफ़ीन का सेवन करने से डिलीवरी के समय काफी सारी दिक्कतें हो सकती हैं। जैसे बच्चे का वजन सामान्य से कम होना या मिसकैरेज आदि। जो कि हर महिला में अलग अलग हो सकती है। वैसे डॉक्टर के मुताबिक यदि कैफीन की मात्रा दो सौ मिलीग्राम से अधिक होती है तो यह नुकसानदायक है। इसलिए इस बारे में अपने डॉक्टर से जरूर बात कर लें।