ख़बरिस्तान नेटवर्क : पंजाब रोडवेज और पनबस-पीआरटीसी (PRTC) की बसों में सफर करने वाले यात्रियों के लिए एक ज़रूरी खबर है। पंजाब रोडवेज पनबस-पीआरटीसी ठेका कर्मचारी यूनियन ने पंजाब सरकार की कर्मचारी-विरोधी नीतियों के विरोध में 31 अक्टूबर को पूरे चक्का जाम की चेतावनी दी है। 
यह कड़ा फैसला ठेका कर्मचारियों को पक्का करने में हो रही लगातार देरी और किलोमीटर स्कीम के तहत चलने वाली बसों के लिए सरकार की तरफ से फिर से टेंडर जारी करने के विरोध में लिया गया है।
सरकार विरोधी प्रदर्शन आज से शुरू
ठेका कर्मचारी यूनियन की राज्य स्तरीय बैठक में पंजाब के विभिन्न डिपो के प्रमुख प्रतिनिधियों ने भाग लिया। यूनियन के प्रधान रेशम सिंह गिल और महासचिव शमशेर सिंह ढिल्लों की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में ठेका कर्मचारियों को नियमित (पक्का) करने में देरी पर कड़ा विरोध दर्ज कराया गया। यूनियन ने यह भी घोषणा की है कि सरकार विरोधी रोष प्रदर्शन आज (27 अक्टूबर) से ही शुरू कर दिए जाएंगे।
सरकार केवल बातों में उलझा रही है
यूनियन के पदाधिकारियों ने आरोप लगाया कि सरकार केवल बातों में उलझा रही है, जबकि उनकी मुख्य मांगें पूरी नहीं की जा रही हैं। कर्मचारियों को पक्का करने के लिए सभी जरूरी दस्तावेज परिवहन विभाग को पहले ही सौंपे जा चुके हैं, लेकिन विभाग के अधिकारियों की अनदेखी के कारण ठेका कर्मचारियों में भारी गुस्सा है। यदि 31 अक्टूबर तक उनकी मांगें नहीं मानी जाती हैं, तो प्रदेश भर में बसों का संचालन पूरी तरह ठप रहेगा, जिससे यात्रियों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ सकता है।