ख़बरिस्तान नेटवर्क : हरियाणा के फरीदाबाद जिले के बल्लभगढ़ से एक बेहद सनसनीखेज और दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक पिता ने अपनी साढ़े चार साल की मासूम बेटी की बेरहमी से हत्या कर दी। वजह यह बताई जा रही है कि बच्ची 50 तक गिनती लिख नहीं पा रही थी। पुलिस ने आरोपी पिता को गिरफ्तार कर एक दिन के रिमांड पर लिया है।
सीढ़ियों से गिरने की कहानी निकली झूठी
यह घटना 21 जनवरी की बताई जा रही है। आरोपी कृष्णा जयसवाल ने वारदात के बाद अपनी पत्नी को फोन कर बताया कि उनकी बेटी खेलते समय सीढ़ियों से गिर गई, जिससे उसकी मौत हो गई। लेकिन जब बच्ची की मां अस्पताल पहुंची तो उसके चेहरे और शरीर पर गहरी चोटों के निशान देखकर उसे शक हुआ। इसके बाद मां ने तुरंत पुलिस को इसकी सूचना दी।
पूछताछ में आरोपी ने किया जुर्म कबूल
क्राइम ब्रांच के पूछताछ किए जाने पर आरोपी कृष्णा जयसवाल ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। उसने बताया कि उसकी बेटी अभी स्कूल नहीं जाती थी और वह खुद ही घर पर उसे पढ़ाता था। जब बच्ची 50 तक गिनती लिखने में असफल रही तो उसे गुस्सा आ गया और उसने बेरहमी से बच्ची की पिटाई कर दी। मारपीट के दौरान बच्ची बेहोश हो गई और बाद में उसकी मौत हो गई।
बच्ची के शरीर पर मिले गहरे चोटों के निशान
पुलिस के अनुसार बच्ची के शरीर पर गंभीर चोटों के निशान पाए गए हैं, जिससे साफ होता है कि उसके साथ बेरहमी की गई थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है, ताकि मौत के सही कारणों की पुष्टि हो सके। पति-पत्नी दोनों नौकरी करते थे और बच्चों की देखभाल के लिए बारी-बारी से ड्यूटी संभालते थे।
पुलिस रिमांड पर आरोपी, जांच जारी
पुलिस ने आरोपी को कोर्ट में पेश कर एक दिन का रिमांड हासिल किया है। मामले की गहनता से जांच की जा रही है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए कार्रवाई की जा रही है। यह घटना समाज को झकझोर देने वाली है और बच्चों के प्रति बढ़ती हिंसा पर गंभीर सवाल खड़े करती है।