जालंधर: आम आदमी पार्टी के विधायक रमन अरोड़ा से मंगलवार को प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने करीब साढ़े आठ घंटे तक पूछताछ की। विधायक रमन अरोड़ा आवश्यक दस्तावेजों के साथ जालंधर स्थित ईडी कार्यालय पहुंचे थे, जहां अधिकारियों ने उनसे विभिन्न मामलों को लेकर विस्तृत पूछताछ की।
पूछताछ पूरी होने के बाद शाम करीब 7:30 बजे रमन अरोड़ा ईडी कार्यालय से बाहर निकले। इस दौरान मीडिया कर्मियों ने उनसे पूछताछ को लेकर सवाल पूछे, लेकिन उन्होंने कोई प्रतिक्रिया देने से परहेज किया। विधायक रमन अरोड़ा बिना कोई बयान दिए अपने बेटे राजन अरोड़ा के साथ गाड़ी में बैठकर वहां से रवाना हो गए। ईडी की पूछताछ को लेकर फिलहाल उनकी ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।