ख़बरिस्तान नेटवर्क : लुधियाना में शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में प्रॉपर्टी डीलर की पत्नी की मौत हो गई। महिला मॉर्निंग वॉक पर निकली थी, तभी तेज रफ्तार कार ने उसे टक्कर मार दी। गंभीर रूप से घायल महिला को अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया।
सहेली भी हादसे में घायल
जानकारी के अनुसार, महिला अपनी एक सहेली के साथ सुबह सैर कर रही थी। इसी दौरान तेज गति से आई कार ने दोनों को टक्कर मार दी। टक्कर लगने के बाद सहेली दूर जाकर गिरी, जिससे वह घायल हो गई। वहीं दूसरी महिला कार के नीचे फंस गई और चालक उसे करीब 10 मीटर तक घसीटता हुआ ले गया।
CCTV में कैद हुई पूरी घटना
घटना आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई। फुटेज में दिखाई दे रहा है कि टक्कर के बाद चालक ने वाहन रोकने की बजाय तेजी से आगे बढ़ा दिया। इस दौरान कार का टायर महिला के सिर और छाती के ऊपर से गुजर गया, जिससे उसे गंभीर चोटें आईं। हादसे के बाद आरोपी चालक मौके से फरार हो गया।
फरार चालक की तलाश में जुटी पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही थाना मॉडल टाउन पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए सिविल अस्पताल की मोर्चरी में भेज दिया है। वहीं, घायल महिला का इलाज जारी है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर फरार कार चालक की पहचान कर उसकी तलाश में जुटी हुई है।