पंजाब के सुजानपुर में जालंधर-जम्मू नेशनल हाईवे-44 पर गुरुवार देर रात भारी बारिश के बीच एक बड़ा हादसा टल गया। देहरादून से माता वैष्णो देवी के दर्शन के लिए जा रही श्रद्धालुओं से भरी टूरिस्ट बस रेलवे अंडरपास (पुल नंबर-3) के नीचे जलभराव में फंस गई। बस में 13 बच्चों समेत कुल 55 यात्री सवार थे।
पानी का स्तर लगातार बढ़ने लगा तो बस में बैठे यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। यात्रियों ने तुरंत कंट्रोल रूम को सूचना दी। रात 1:53 बजे सूचना मिलने के बाद सड़क सुरक्षा फोर्स (SSF) की टीम महज 6 मिनट में, रात 1:59 बजे मौके पर पहुंच गई। सुजानपुर थाना पुलिस और स्थानीय युवाओं ने भी तुरंत राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया।
एसएसएफ के जवानों और पुलिस ने संयुक्त प्रयास से सभी 55 यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। श्रद्धालु ऋितिका ने बताया कि पुलिस और एसएसएफ की टीम उनके लिए देवदूत बनकर आई और सभी को सुरक्षित स्थान तक पहुंचाया।
थाना प्रभारी अरुण शर्मा ने बताया कि लगातार बारिश और रात के अंधेरे के कारण बस चालक विनीत गुप्ता पानी की गहराई का अंदाजा नहीं लगा सके। अंडरपास में प्रवेश करते ही बस के इंजन में पानी भर गया, जिससे वाहन बीच रास्ते में बंद हो गया।
यात्रियों को सुरक्षित निकालने के बाद प्रशासन ने हाइड्रा मशीन की मदद से बस को भी पानी से बाहर निकलवा लिया। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि बारिश के मौसम में जलभराव वाले अंडरपास और पुलों से गुजरते समय विशेष सावधानी बरतें।