ख़बरिस्तान नेटवर्क : लुधियाना के नूरवाला रोड पर सरताज नगर में तड़के सुबह लुटेरों ने एक एक्सिस बैंक के एटीएम को निशाना बनाया। जैसे ही लुटेरों ने एटीएम मशीन को काटना शुरू किया तो मुंबई के हेडक्वार्टर सायरन बजने लगा। जिसके बाद पुलिस को इसकी सूचना दी गई। पुलिस की गाड़ी का सायरन सुनते ही लुटेरे फायरिंग करके मौके से फरार हो गए।
कार में आए थे 3 से 4 लुटेरे
जानकारी के मुताबिक 3 से 4 लुटेरे कार में सवार होकर एटीएम मशीन लूटने के लिए आए थे। आरोपियों ने कैश निकालने की गैस कटर से काटना शुरू किया मुंबई में बैंक के हेडक्वार्टर में ऑटोमैटिक अलर्ट मैसेज गूंजने लगा। उन्हें पता चला कि लुधियाना के नूरवाला रोड स्थित सरताज नगर एटीएम में कोई संदिग्ध गतिविधि हो रही है।
पुलिस को देख कैश छोड़ भागने लगे आरोपी
हेडक्वार्टर में बैठे अधिकारियों ने बिना देरी किए स्थानीय पुलिस को इसकी जानकारी दी। पुलिस की टीम भी सूचना मिलते ही घटनास्थल पर पहुंच गई। जैसे ही पुलिस की गाड़ी मौके पर पहुंची, उसका सायरन सुनकर एटीएम के अंदर मौजूद लुटेरे घबरा गए। वे कैश को वहीं छोड़ तुरंत बाहर निकले और अपनी गाड़ी में बैठकर भागने लगे।
आरोपियों ने पुलिस पर की फायरिंग
पुलिस टीम ने भी हिम्मत दिखाते हुए तुरंत लुटेरों की गाड़ी के ठीक पीछे अपनी गाड़ी लगा दी और उनका पीछा करना शुरू कर दिया। खुद को घिरता हुआ देख आरोपियों ने गोलियां चलानी शुरु कर दी। जिसके बाद आरोपी पुलिस को चकमा देकर मौके से फरार हो गए।
पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगालने में जुटी
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि बदमाशों की धरपकड़ के लिए पूरे इलाके की नाकाबंदी कर दी गई है और आसपास के रूटों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस का दावा है कि आरोपियों के सुराग हाथ लग चुके हैं और उन्हें जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा