ख़बरिस्तान नेटवर्क : बिहार के सासाराम रेलवे स्टेशन पर खड़ी ट्रेन में अचानक आग लग गई। जिसके बाद लोगों में दहशत फैल गई और लोग अपनी जान बचाने के लिए ट्रेन से बाहर कूदने लगे। इस दौरान रेलवे स्टेशन पर भगदड़ जैसी स्थिति पैदा हो गई और यात्री सामान छोड़-छोड़कर भागने लगे।
प्लेटफॉर्म 6 पर खड़ी थी ट्रेन
जानकारी के मुताबिक सासाराम-आरा-पटना पैसेंजर ट्रेन प्लेटफॉर्म नंबर 6 पर खड़ी हुई थी। इस दौरान ट्रेन की जनरल बोगी D3 से अचानक धुआं निकलना शुरू हुआ। जिसके बाद अचानक से आग की तेज लपटें उठने लगी। धुआं निकलने के बाद ही बोगी में बैठे यात्रियों में भगदड़ मच गई।
लोगों को बोगी में जलने की गंध महसूस हुई
लोगों के मुताबिक पहले बोगी के अंदर से तेज जलने की गंध महसूस हुई। इसके बाद बोगी के भीतर धुआं भरने लगा और आग की लपटें दिखाई दीं। गनीमत रही इस घटना में किसी का जानी नुकसान नहीं हुआ, पर इस आगजनी ने लोगों के अंदर डर जरूर पैद कर दिया।
बीते दिन भी ट्रेन में लगी थी आग
आपको बता दें कि बीते दिन रविवार को त्रिवेंद्रम से हजरत निजामुद्दीन (दिल्ली) जा रही राजधानी एक्सप्रेस (गाड़ी संख्या 12431) में आग लगी थी। आग ट्रेनएसी कोच बी-1 में आलोट के पास लूणी रीछा-विक्रमगढ़ स्टेशन के बीच सुबह करीब 5:15 बजे लगी थी।