ख़बरिस्तान नेटवर्क : पंजाब की राजनीति से जुड़ी एक बड़ी हलचल सामने आई है। अमृतपाल सिंह की गिरफ्तारी को लेकर गतिविधियां तेज हो गई हैं। पंजाब पुलिस की विशेष टीम डिब्रूगढ़ स्थित सेंट्रल जेल पहुंच चुकी है, जहां वह इस समय राष्ट्रीय सुरक्षा अधिनियम (NSA) के तहत बंद हैं।
NSA हिरासत खत्म होते ही होगी कार्रवाई
सूत्रों के मुताबिक अमृतपाल सिंह की NSA के तहत नजरबंदी 22 अप्रैल को समाप्त हो रही है। इसके तुरंत बाद पुलिस उन्हें अजनाला मामले में गिरफ्तार कर स्थानीय अदालत में पेश करेगी। पुलिस रिमांड लेने के बाद मामले की कानूनी कार्रवाई आगे बढ़ाई जाएगी।
अजनाला थाने पर हमले का मामला
फरवरी 2023 में अजनाला पुलिस थाने पर हमले का मामला सामने आया था। आरोप है कि अमृतपाल सिंह अपने समर्थकों के साथ बैरिकेड्स तोड़कर थाने में घुसे थे और एक साथी को छुड़ाने के लिए पुलिस के साथ झड़प की थी। इस दौरान हथियारों के साथ प्रदर्शन भी किया गया था।
2023 में हुई थी गिरफ्तारी
अमृतपाल सिंह को अप्रैल 2023 में रोड़े गांव से गिरफ्तार किया गया था। इसके बाद उन्हें एनएसए के तहत असम की जेल में भेज दिया गया था, जहां से अब उनकी रिहाई की समयसीमा नजदीक है। इस मामले को लेकर सुरक्षा एजेंसियां भी सतर्क हैं।