ख़बरिस्तान नेटवर्क : जालंधर में डबल मर्डर केस में फरार बदमाश गुल्लू का पुलिस ने एनकाउंटर कर दिया है। पुलिस मुठभेड़ में आरोपी गुल्लू जख्मी हो गया है और उसे ईलाज के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। एनकाउंटर के बाद पुलिस कमिश्नर सतिंदर सिंह भी मौके पर पहुंचे और उन्होंने इस मामले पर खुलासा किया।
12 जून को भार्गव कैंप में किया था डबल मर्डर
पुलिस कमिश्नर सतिंदर सिंह ने कहा कि 12 जून को भार्गव कैंप इलाके में डबल मर्डर हुआ था। जिसमें गोलियां लगने से 24 साल के सिमरनजीत सिंह की मौके पर ही मौत हो गई थी। हालांकि 23 साल के सौरभ की निजी अस्पताल में उपचार के दौरान दूसरे दिन मौत हो गई थी। इस मामले में शुभम गुल्लू ने अपने साथी को भी मौत के घाट उतार दिया था।
पिछले एक महीने से चल रहा था फरार
सीपी ने आगे बताया कि आरोपी गुल्लू करीब एक महीने से फरार चल रहा था। आज गुप्त सूचना के बाद पुलिस ने नाखां वाले बाग के पास नाकाबंदी की थी। इस दौरान गुल्लू मोटरसाइकिल पर सवार होकर आ रहा था जिसे पुलिस ने रुकने के लिए कहा। यहां गुल्लू ने पुलिस पर गोलियां चलाई दी। जिसके बाद पुलिस की ओर से भी जवाबी फायरिंग की गई। इस मुठभेड़ में आरोपी के घुटने में गोली लगी और वह घायल हो गया।
जोगा फोल्ड़ीवाल गैंग से संबंध रखता था
उन्होंने आगे बताया कि आरोपी ने पुलिस पर 3 से 4 राउंड फायर किए थे। जिसके बाद पुलिस की तरफ से भी 4 राउंड फायर किए गए थे। आरोपी जोगा फोल्ड़ीवाल और करण सहगल गैंग से संबंधित है। इस मामले में करण सहगल को भी केस में नामजद कर लिया है। पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी पर पहले भी मामले दर्ज हैं।