तमिलनाडु के कोयंबटूर में ब्रेकअप से नाराज एक युवक ने लड़की के घर पर केरोसिन बम से हमला कर दिया। घटना रविवार शाम की बताई जा रही है, जिसका CCTV फुटेज अब सामने आया है। समय रहते लोगों ने आग पर काबू पा लिया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
आरोपी की हुई पहचान
पुलिस के अनुसार आरोपी की पहचान कार्तिक उर्फ मारियप्पन के रूप में हुई है, जिसे गिरफ्तार कर लिया गया है। बताया जा रहा है कि पिछले दो सालों से आरोपी और युवती के बीच दोस्ती थी। लेकिन जब युवती को पता चला कि कार्तिक के खिलाफ हत्या समेत 31 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं, तो उसने उससे दूरी बना ली।
आरोपी ने दी जान से मारने की धमकी
इसी बात से नाराज होकर आरोपी ने युवती को जान से मारने की धमकी दी थी। रविवार शाम वह अपने तीन साथियों के साथ बाइक पर युवती के घर पहुंचा और घर के बरामदे की ओर दो केरोसिन बम फेंक दिए। हमले के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।
जांच में जुटी पुलिस
घटना के समय युवती के पिता घर के बाहर मौजूद थे। उन्होंने आरोपी को बम फेंकते देख तुरंत आसपास के लोगों को मदद के लिए बुलाया। स्थानीय लोगों ने तुरंत बरामदे में खड़ी गाड़ियों को बाहर निकाला और घर की अंडरग्राउंड टंकी से पानी निकालकर आग बुझाई।पुलिस ने मामले की जांच शुरू करते हुए सोमवार को आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। CCTV फुटेज के आधार पर अन्य आरोपियों की तलाश भी जारी है।