ख़बरिस्तान नेटवर्क : जालंधर में श्री गुटका साहिब की बेअदबी का मामला सामने आया है। जानकारी के मुताबिक राजा गार्डन इलाके में सोमवार रात करीब 11 बजे श्री गुटका साहिब के अंग बिखरे हुए मिले थे। जिसके बाद इलाके के लोगों में काफी गुस्सा देखने को मिला।
लोगों का आरोप है कि यह सब कुछ असमाजिक तत्वों की तरफ से जानबूझकर आपसी भाईचारा बिगाड़ने के लिए किया गया है। लोगों के साथ निंहगों ने प्रदर्शन किया और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और धार्मिक सामग्री को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
धर्म का अपमान नहीं बर्दाश्त करेंगे
निहंग सिंहों ने देर रात प्रदर्शन करते हुए कहा कि एक तरफ सरकार कड़े कानून बनाने की बात कर रही है और दूसरी तरफ बेअदबी की घटनाएं रुकने का नाम नहीं ले रही हैं। हम धर्म के अपमान को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं करेंगे। हमारी मांग है कि जो भी दोषी हैं उन्हें जल्द गिरफ्तार किया जाए और उन्हें सख्त सजा दी जाए। कानून के तहत ऐसी सख्त से सख्त सजा दी जानी चाहिए जो समाज में एक मिसाल बने।
पुलिस प्रशासन की कार्रवाई
वहीं तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए थाना बस्ती बावा खेल के SHOअपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने गुस्साई भीड़ को शांत कराया और गुटका साहिब के अंगों को पूरे सम्मान के साथ समेटकर आगे की कार्रवाई के लिए थाने भिजवाया। इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को खंगाली जा रही है ताकि यह साफ हो सके कि यह हरकत किसने और किस समय की।