ख़बरिस्तान नेटवर्क : पंजाब सरकार की ‘मावां-धियां सतिकारयोग योजना’ एक बार फिर विवादों में घिर गई है। फिरोजपुर में योजना के फॉर्म वितरण के दौरान अव्यवस्था और कथित अनियमितताओं के आरोप सामने आए हैं। आरोप है कि महिलाओं की जगह पुरुष फॉर्म लेने के लिए कतारों में खड़े दिखाई दिए और महिलाओं की आईडी के आधार पर उन्हें फॉर्म जारी किए गए।
महिलाओं की आईडी पर पुरुषों को जारी किए गए फॉर्म
मामले में आरोप लगाया गया है कि योजना की पात्र महिलाओं की पहचान पत्रों का इस्तेमाल कर पुरुषों को फॉर्म दिए गए। इस घटना के बाद योजना की पारदर्शिता और फॉर्म वितरण प्रक्रिया पर सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय स्तर पर इसे लेकर लोगों में नाराजगी भी देखने को मिली।
प्रशासन ने जताई अपनी मजबूरी
जब इस मामले में संबंधित कर्मचारियों से बातचीत की गई तो उन्होंने भी व्यवस्था को लेकर परेशानी जाहिर की। कर्मचारियों का कहना था कि महिलाओं की बजाय पुरुष फॉर्म लेने के लिए पहुंच रहे हैं। कोई किसी का फोन करवाता है तो कोई किसी की सिफारिश लेकर आता है, जिससे स्थिति संभालना मुश्किल हो रहा है।
प्रशासन की कार्यप्रणाली पर उठे सवाल
इस पूरे घटनाक्रम के बाद जिला प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो गए हैं। अब देखना होगा कि प्रशासन इस मामले की जांच करता है या नहीं। यदि जांच में किसी प्रकार की अनियमितता सामने आती है तो संबंधित जिम्मेदार लोगों के खिलाफ क्या कार्रवाई की जाती है, इस पर सभी की नजर बनी हुई है।