ख़बरिस्तान नेटवर्क : भारत और पाकिस्तान के बीच जारी तनावपूर्ण माहौल के बीच दोनों देशों की 117 प्रमुख हस्तियों ने एक संयुक्त पहल करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ को चिट्ठी लिखी है। पत्र में दोनों नेताओं से टकराव की बजाय बातचीत का रास्ता अपनाने की अपील की गई है, ताकि दक्षिण एशिया में शांति, स्थिरता और विकास का माहौल तैयार किया जा सके।
पूर्व अधिकारी, सामाजिक और राजनीतिक हस्तियां हुईं शामिल
इस संयुक्त पत्र पर हस्ताक्षर करने वालों में दोनों देशों के पूर्व अधिकारी, सामाजिक कार्यकर्ता, शिक्षाविद और राजनीतिक हस्तियां शामिल हैं। पत्र में कहा गया है कि संवाद ही दोनों देशों के बीच विश्वास बहाली और क्षेत्रीय स्थिरता का सबसे प्रभावी माध्यम हो सकता है।
भारत से 61 और पाकिस्तान से 56 लोगों ने किए हस्ताक्षर
भारत की ओर से इस पत्र पर कुल 61 हस्तियों ने हस्ताक्षर किए हैं। इनमें जम्मू-कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री फारूक अब्दुल्ला, महबूबा मुफ्ती और राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के सांसद मनोज झा जैसे प्रमुख नाम शामिल हैं। वहीं पाकिस्तान की ओर से 56 हस्तियों ने पत्र का समर्थन किया है, जिनमें पाकिस्तान के पूर्व विदेश मंत्री खुर्शीद महमूद कसूरी भी शामिल हैं।
दक्षिण एशिया में शांति और विकास पर दिया जोर
संयुक्त पत्र में दोनों देशों के प्रधानमंत्रियों से आग्रह किया गया है कि मतभेदों को बातचीत के माध्यम से सुलझाने की दिशा में प्रयास किए जाएं। हस्तियों का कहना है कि भारत और पाकिस्तान के बीच बेहतर संवाद से न केवल दोनों देशों के संबंधों में सकारात्मक माहौल बनेगा, बल्कि पूरे दक्षिण एशिया में शांति और विकास को भी नई दिशा मिलेगी।