गुरुग्राम के सेक्टर-37 के पास आज एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया, जब हरियाणा रोडवेज की ट्रेनिंग बस ने सड़क पर पैदल चल रहे लोगों को कुचल दिया। हादसे में 56 साल के रवि शंकर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग घायल हो गए। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोगों की चीख-पुकार से माहौल गूंज उठा।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बस को अपनी ओर तेजी से आते देख कई लोगों ने कूदकर जान बचाई। लोगों ने चालक को बस रोकने के लिए आवाजें लगाईं, लेकिन बस नहीं रुकी। इससे नाराज लोगों ने बस पर पथराव शुरू कर दिया। पथराव के बावजूद बस कुछ दूरी तक आगे बढ़ती रही और आखिरकार एक कार से टकराने के बाद रुक गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और बस को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
मृतक की पहचान मध्य प्रदेश के सतना निवासी रवि शंकर के रूप में हुई है, जो पास की एक फैक्ट्री में काम करते थे। रोडवेज अधिकारियों के अनुसार, बस नए ड्राइवरों को प्रशिक्षण देने के लिए डिपो से निकली थी और हादसे के समय एक प्रशिक्षु चालक बस चला रहा था। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि ट्रेनिंग के दौरान चालक का बस पर नियंत्रण खो गया, जिसके कारण यह दुर्घटना हुई।
हालांकि, स्थानीय लोगों का आरोप है कि बस निर्धारित रूट पर नहीं थी और संकरी सड़क पर बस लाने की वजह से यह हादसा हुआ। घटना का 45 सेकेंड का सीसीटीवी वीडियो भी सामने आया है, जिसमें बस लोगों को टक्कर मारने के बाद एक कार से भिड़ती दिखाई दे रही है। वीडियो में गुस्साई भीड़ द्वारा बस पर पथराव किए जाने के दृश्य भी कैद हुए हैं।फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।