जालंधर : सतगुरु कबीर साहिब जी के 628वें पावन प्रकट दिवस को समर्पित तीन दिवसीय विशाल धार्मिक समागम का आयोजन इस वर्ष बेहद श्रद्धा, उत्साह और भक्ति भाव के साथ किया जा रहा है। सतगुरु कबीर सभा (रजि.) एवं सतगुरु कबीर चैरिटेबल डिस्पेंसरी द्वारा यह भव्य कार्यक्रम सतगुरु कबीर मुख्य मंदिर, भार्गव नगर, जालंधर में आयोजित किया जा रहा है।
समागम के संबंध में आज कैबिनेट मंत्री मोहिंदर भगत ने पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान को कार्यक्रम में शामिल होने हेतु विशेष निमंत्रण दिया गया। मुख्यमंत्री के नाम निमंत्रण पत्र उनके ओएसडी रघुबीर सिंह घुम्मन को सौंपा गया। इस अवसर पर मंत्री मोहिंदर भगत ने कहा कि सतगुरु कबीर साहिब जी की शिक्षाएं आज भी समाज को समानता, मानवता, भाईचारे और सामाजिक सद्भाव का संदेश देती हैं तथा उनके आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाना समय की आवश्यकता है।
कार्यक्रम के अनुसार 27 जून 2026 को भव्य शोभा यात्रा निकाली जाएगी, जिसमें विभिन्न धार्मिक, सामाजिक एवं सांस्कृतिक संस्थाओं की भागीदारी रहेगी। 28 जून को विशाल कीर्तन दरबार का आयोजन किया जाएगा, जिसमें प्रसिद्ध रागी एवं भजन मंडलियां कबीर वाणी का गुणगान करेंगी। वहीं 29 जून 2026 को सतगुरु कबीर साहिब जी का 628वां प्रकट दिवस एवं वार्षिक उत्सव श्रद्धा और धूमधाम के साथ मनाया जाएगा।
कार्यक्रम के दौरान धार्मिक प्रवचन, भजन-कीर्तन, गुरु महिमा का गुणगान तथा संगत के लिए विशेष लंगर एवं अन्य व्यवस्थाएं की जाएंगी।सभा ने समस्त श्रद्धालुओं, समाजसेवी संगठनों एवं नगरवासियों से अपील की है कि वे इस पावन अवसर पर आयोजित कार्यक्रमों में बढ़-चढ़कर भाग लें और सतगुरु कबीर साहिब जी की अमर वाणी एवं मानव कल्याण के संदेश को अपने जीवन में अपनाएं।