ख़बरिस्तान नेटवर्क : अमृतसर के अजनाला के एक 24 साल के युवक की स्लोवाकिया में पानी में डूबने से मौत हो गई। मृतक की पहचान गुरसेवक सिंह के रूप में हुई है, जो करीब 8 महीने पहले बेहतर भविष्य और परिवार की आर्थिक स्थिति सुधारने के लिए वर्क परमिट पर स्लोवाकिया गया था। घटना की सूचना मिलते ही परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। बहन सदमे में बेहोश हो गई, जबकि मां का रो-रोकर बुरा हाल है।
बड़े भाई की शादी की तैयारियां मातम में बदलीं
परिजनों ने बताया कि घर में इन दिनों खुशियों का माहौल था। गुरसेवक सिंह के बड़े भाई की शादी इसी साल 31 दिसंबर को तय थी और परिवार शादी की तैयारियों में जुटा हुआ था। लेकिन अचानक आई इस दुखद खबर ने पूरे परिवार की खुशियां छीन लीं और घर में मातम पसरा हुआ है।
मां से आखिरी बार कहा था- ‘बहुत थक गया हूं’
मृतक की मां ने बताया कि शनिवार रात उनकी बेटे से आखिरी बार फोन पर बात हुई थी। गुरसेवक ने बताया था कि उसने 12 घंटे की लंबी शिफ्ट की है और वह काफी थक गया है। उसने कहा था कि कमरे पर खाना बनाने की बजाय बाहर खाना खाकर आराम करेगा और फिर बात करेगा। मां को इस बात का अंदाजा भी नहीं था कि यह बेटे की आखिरी आवाज होगी। कुछ ही देर बाद उन्हें स्लोवाकिया से उसके पानी में डूबने और मौत की खबर मिली।
कर्ज लेकर विदेश भेजा था बेटा, शव भारत लाने की अपील
गुरसेवक सिंह के पिता सरताज सिंह ने बताया कि बेटे को विदेश भेजने के लिए परिवार ने कर्ज लिया था, जिसकी अभी केवल एक किश्त ही चुकाई गई थी। उन्होंने कहा कि बेटे की मौत की सूचना उसके दोस्तों ने दी। पिता ने केंद्र सरकार, पंजाब सरकार और स्लोवाकिया स्थित भारतीय दूतावास से अपील की है कि आवश्यक औपचारिकताएं जल्द पूरी कर गुरसेवक सिंह के पार्थिव शरीर को जल्द से जल्द भारत लाने में मदद की जाए।