पंजाब में महिलाओं को आर्थिक सहायता देने की योजना के बीच साइबर ठगी के मामले सामने आने लगे हैं। पुलिस ने महिलाओं को सतर्क रहने की सलाह दी है और किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ आधार कार्ड, पैन कार्ड या बैंक की जानकारी साझा न करने की चेतावनी दी है।
सरकार योजना के तहत बैंक खाते की पुष्टि के लिए कई महिलाओं के अकाउंट में ₹1 ट्रांसफर करती है। कुछ मामलों में यह मैसेज मोबाइल पर नहीं पहुंचता, जिसका फायदा उठाकर साइबर ठग महिलाओं से संपर्क कर दस्तावेज मांग रहे हैं।
पुलिस का कहना है कि ऐसे दस्तावेजों का गलत इस्तेमाल कर ठग फर्जी लोन ले सकते हैं या बैंक खाते से पैसे निकाल सकते हैं। यदि ₹1 का मैसेज नहीं आया है, तो घबराने की जरूरत नहीं है। बैंक अकाउंट का सत्यापन बैकएंड से भी पूरा किया जा सकता है।
मुख्यमंत्री भगवंत मान के अनुसार, योजना की पहली किस्त 1 जुलाई को जारी की जाएगी। इसमें अप्रैल, मई और जून के तीन महीनों की राशि एक साथ मिलेगी। सामान्य वर्ग की महिलाओं को ₹3,000 और एससी वर्ग की महिलाओं को ₹4,500 दिए जाएंगे।