ख़बरिस्तान नेटवर्क : जालंधर में बस स्टैंड के नजदीक स्थित गुजराल इमिग्रेशन एजुकेशन के मालिक सन्नी गुजराल के साथ मारपीट और कथित किडनैपिंग की कोशिश का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि पैसों के लेन-देन को लेकर विवाद चल रहा था। आरोप है कि कुछ युवक सन्नी गुजराल को जबरदस्ती दफ्तर से उठाकर गाड़ी में डालकर ले गए।
CCTV में कैद हुआ पूरा घटनाक्रम
दफ्तर में लगे CCTV कैमरों में पूरी घटना रिकॉर्ड हो गई। फुटेज में दिखाई दे रहा है कि कुछ युवक सन्नी गुजराल को कुर्सी समेत उठाने की कोशिश करते हैं। विरोध करने पर वह फर्श पर बैठ जाता है, लेकिन आरोपी उसे जबरन उठाकर बाहर ले जाते हैं।
पत्नी और परिजनों ने की कार्रवाई की मांग
पीड़ित की पत्नी ने कहा कि उन्हें नहीं पता कि उनके पति को उठाकर ले जाने वाले लोग कौन थे। वहीं जिंदी नाम के व्यक्ति ने दावा किया कि 20 से 25 युवक दफ्तर में आए थे। परिवार ने पुलिस से आरोपियों के खिलाफ किडनैपिंग का मामला दर्ज करने की मांग की है।
पुलिस ने शहर में की नाकेबंदी
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आ गई और शहरभर में नाकेबंदी कर दी गई। बताया जा रहा है कि सन्नी गुजराल ने रास्ते में गाड़ी से छलांग लगाकर अपनी जान बचाई और बाद में थाना रामामंडी पहुंच गया। फिलहाल पुलिस उससे पूछताछ कर रही है।