ख़बरिस्तान नेटवर्क : अमृतसर के अजनाला इलाके में वीरवार को पुरानी रंजिश के चलते दो पक्षों के बीच खूनी झड़प हो गई। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल बन गया। इस घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें कुछ युवक हाथों में बेसबॉल बैट लेकर गली में घुसते और लोगों के साथ मारपीट करते दिखाई दे रहे हैं। वीडियो सोशल मीडिया पर भी तेजी से वायरल हो रहा है।
गली में घुसकर की गई मारपीट
पीड़ित पक्ष के कवलप्रीत सिंह ने आरोप लगाया कि जरनैल सिंह राजा कोटली और उसके साथियों ने पुरानी दुश्मनी के चलते उन पर हमला किया। उनका कहना है कि आरोपी सरेआम गली में घुसे और गुंडागर्दी करते हुए लोगों पर हमला कर दिया। इस दौरान दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई, जिसमें आधा दर्जन से ज्यादा लोग घायल हो गए।
पुलिस से इंसाफ की मांग
घायल युवक हरप्रीत सिंह ने बताया कि उनके साथ बेरहमी से मारपीट की गई। पीड़ित परिवार ने पुलिस प्रशासन से आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। घटना के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है। इलाके में तनाव को देखते हुए पुलिस निगरानी भी बढ़ा दी गई है।