अप्रैल में हुए युद्धविराम (सीजफायर) के करीब दो महीने बाद ईरान और इजराइल के बीच एक बार फिर तनाव युद्ध में बदल गया है। रविवार रात ईरान ने इजराइल पर बैलिस्टिक मिसाइलों से हमला किया। ईरान की रिवोल्यूशनरी गार्ड (IRGC) ने दावा किया कि यह कार्रवाई लेबनान में हिजबुल्लाह पर हुए इजराइली हमलों के जवाब में की गई।
जवाबी कार्रवाई में इजराइल ने ईरान के कई सैन्य और रक्षा ठिकानों को निशाना बनाया। ईरानी मीडिया के अनुसार तेहरान, तबरीज और इस्फहान में कई विस्फोट हुए हैं। इजराइल का दावा है कि उसने ईरान के एयर डिफेंस सिस्टम और रडार ठिकानों को भी भारी नुकसान पहुंचाया है।
होर्मुज में जहाज पर हमले में 24 भारतीय फंसे
तनाव के बीच होर्मुज स्ट्रेट के पास ओमान तट के निकट एक जहाज पर हमले की खबर सामने आई है। भारतीय नाविकों के संगठन ने दावा किया है कि जहाज पर 24 भारतीय सवार हैं और उन्होंने मदद की गुहार लगाई है। हालांकि अभी तक भारतीय अधिकारियों की ओर से कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
भारत ने नागरिकों को ईरान छोड़ने की दी सलाह
बढ़ते संकट को देखते हुए भारत ने अपने नागरिकों के लिए एडवाइजरी जारी की है। तेहरान स्थित भारतीय दूतावास ने भारतीयों को ईरान की यात्रा से बचने और वहां मौजूद लोगों को जल्द से जल्द सुरक्षित स्थानों पर जाने या देश छोड़ने की सलाह दी है।
इस बीच अमेरिका ने भी तनाव कम करने की कोशिशें तेज कर दी हैं। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने इजराइल से फिलहाल ईरान पर नए हमले न करने और बातचीत को मौका देने की अपील की है। वहीं इजराइली सेना ने संकेत दिए हैं कि यह संघर्ष कई दिनों तक जारी रह सकता है।
ईरान-इजराइल टकराव का असर वैश्विक बाजारों पर भी दिखाई देने लगा है। बढ़ते तनाव के कारण अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में 3 प्रतिशत से अधिक की बढ़ोतरी दर्ज की गई है।