ख़बरिस्तान नेटवर्क : जालंधर के नेशनल हाईवे पर शुक्रवार को एक भीषण सड़क हादसा हो गया। हादसे में दो टैंकर आपस में टकरा गए, जिससे दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। हादसे के कारण नेशनल हाईवे पर ट्रैफिक बुरी तरह प्रभावित हुआ। पुलिस ने एक लेन को ट्रैफिक के लिए खोल दिया, जबकि क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाने तक दो लेन बंद रहीं।
टायर फटने से खड़ा था एक कैंटर
जांच में सामने आया कि एक कैंटर का टायर फटने के कारण वह नेशनल हाईवे पर स्टेला के पास सड़क किनारे खड़ा था। इसी दौरान लुधियाना से जालंधर की ओर जा रहा तेल से भरा टैंकर अनियंत्रित होकर खड़े कैंटर से जा टकराया। टक्कर के बाद चालक केबिन में बुरी तरह फंस गया और गंभीर रूप से घायल हो गया।
एक घंटे तक चला रेस्क्यू ऑपरेशन
घटना की सूचना मिलते ही सड़क सुरक्षा फोर्स और गोराया पुलिस मौके पर पहुंच गई। चालक को बाहर निकालने के लिए जेसीबी और हाइड्रा मशीनों की मदद से करीब एक घंटे तक रेस्क्यू अभियान चलाया गया। कड़ी मशक्कत के बाद घायल चालक मनीष को केबिन से सुरक्षित बाहर निकालकर इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया।
हादसे की सूचना मिलते ही वाहन मालिक भी लुधियाना से मौके पर पहुंच गए। जांच अधिकारी ने बताया कि दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है और यातायात को पूरी तरह सामान्य बनाने के कोशिश जारी हैं।