ख़बरिस्तान नेटवर्क : कनाडा में भारतीय छात्र की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है। मृतक की पहचान 22 साल के वीरेन रंगा के रूप में हुई है जो हरियाणा के कुरुक्षेत्र के गांव गजलाना का रहने वाला है। वह 2 साल पहले ही स्टडी वीजा पर कनाडा गया था और इलेक्ट्रिकल डिप्लोमा कर रहा था। अभी यह पता नहीं चल पाया है कि वीरेन की मौत कैसे हुई। फिलहाल कनाडा पुलिस मामले की जांच कर रही है।
परिवार से आखिरी बार की वीडियो कॉल पर बात
मृतक के पिता राजेंद्र रंगा ने बताया कि वीरेन कनाडा के वैंकूवर में इलेक्ट्रिकल डिप्लोमा कर रहा था, जो अब पूरा हो चुका था। हाल ही में उसके वर्क परमिट के लिए आवेदन किया था। 14 मई को वीडियो कॉल पर वीरेन से बातचीत हुई थी। इस दौरान उसका बड़ा भाई आदित्य भी कॉल पर मौजूद था। बातचीत में ऐसा कुछ नहीं लगा कि वीरेन किसी परेशानी में है।
कनाडा पुलिस जांच कर रही
उन्होंने आगे बताया कि कॉल के बाद वह अपने कमरे में सोने चला गया। शुक्रवार को उन्हें वीरेन की तबीयत खराब होने की सूचना मिली। वीरेन के ताऊ के बेटे गुरमीत और गौरव भी उसके साथ रहते थे। उन्होंने ही परिवार को वीरेन की मौत की जानकारी दी। फिलहाल मौत के कारणों का पता नहीं चल पाया है। कनाडा पुलिस ने उसका ब्लड सैंपल लिया है और मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।