पंजाब : बंदी सिखों की रिहाई की मांग को लेकर कौमी इंसाफ मोर्चा ने आज श्री फतेहगढ़ साहिब में रेल रोको आंदोलन शुरू कर दिया। आंदोलन में शामिल होने के लिए अलग अलग संगठनों के प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में समर्थक सुबह से ही गुरुद्वारा श्री फतेहगढ़ साहिब में एकत्र हुए।
इलाकों में भारी पुलिस बल तैनात
गुरुद्वारा परिसर से सभी प्रदर्शनकारी मार्च निकालते हुए माधोपुर चौक पहुंचे, जहां उन्होंने अंबाला-लुधियाना रेलवे ट्रैक पर धरना देकर रेल यातायात बाधित कर दिया।आंदोलन को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं। रेलवे ट्रैक और आसपास के इलाकों में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है, जबकि अधिकारी लगातार हालात पर नजर बनाए हुए हैं।
रेल रोको आंदोलन के चलते कई ट्रेनों की आवाजाही प्रभावित होने की संभावना जताई जा रही है। प्रदर्शन स्थल पर लगातार समर्थकों के पहुंचने का सिलसिला जारी है, वहीं प्रशासन स्थिति को शांतिपूर्ण बनाए रखने के प्रयास में जुटा हुआ है।