ख़बरिस्तान नेटवर्क : लुधियाना के हैबोवाल संत विहार में दिनदहाड़े बाइक सवार 2 बदमाश महिला के कानों की बालियां छीनकर फरार हो गए। यह घटना गली में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई। इस घटना के बाद इलाके के लोगों में दहशत का माहौल पाया जा रहा है।
रास्ता पूछने के लिए रुके थे स्नैचर
जानकारी के मुताबिक 68 साल की कमलेश रानी गली में अकेली कुर्सी पर बैठी थीं। इसी दौरान बाइक सवार 2 युवक गली में काफी देर से चक्कर लगा रहे थे। कुछ देर बाद दोनों उनके पास रुके और पैरों को हाथ लगाकर आशीर्वाद लेने लगे। उन झपटमारों ने किसी का पता पूछा। कमलेश रानी को थोड़ा कम सुनाई देता है, इसलिए वह पास जाकर उनकी बात सुनने लगीं।
बालियां छीनकर मौके से फरार
इसी दौरान एक बदमाश ने उनके कानों से बालियां झपट लीं। बालियां 8 ग्राम की थी। वारदात के बाद आरोपी अपने साथी की बाइक पर बैठकर मौके से फरार हो गए। महिला ने उनका पीछा करने की कोशिश भी की, लेकिन वे भाग निकले। इस दौरान महिला के दोनों कानों में गंभीर चोट आई है।
सीसीटीवी कैमरे में घटना रिकॉर्ड
घटनास्थल के पास लगे सीसीटीवी कैमरों में पूरी वारदात कैद हो गई है। फुटेज में एक बदमाश बाइक चला रहा है, जिसने हेलमेट पहना हुआ था, जबकि दूसरा आरोपी सफेद टोपी पहने दिखाई दे रहा है। बाइक की नंबर प्लेट भी टूटी हुई बताई जा रही है। घटना के बाद इलाके के लोगों में दहशत का माहौल है।