पंजाब के Ludhiana में गुरुवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में कॉलेज छात्र की मौत हो गई, जबकि उसके चार दोस्त घायल हो गए। हादसा बीआरएस नगर जोन-डी कट के पास उस समय हुआ, जब तेज रफ्तार थार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि गाड़ी के परखच्चे उड़ गए।
जानकारी के अनुसार, कार में पांच दोस्त सवार थे, जो रोज की तरह जिम जाने के लिए घर से निकले थे। रास्ते में उन्होंने पहले अंडे खाने का प्लान बनाया। अंडे खाने के बाद जब सभी वापस लौट रहे थे, तभी बीआरएस नगर के पास गाड़ी अचानक बेकाबू हो गई और सीधे डिवाइडर से टकरा गई।
हादसे में थार चला रहे 22 वर्षीय आर्यन वीर सिंह की मौके पर ही मौत हो गई। आर्यन SCD Government College का छात्र और कॉलेज प्रेजिडेंट बताया जा रहा है। वहीं, उसके चार दोस्त घायल हो गए, जिन्हें राहगीरों और पुलिस की मदद से तुरंत नजदीकी निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया।
जांच में जुटी पुलिस
पुलिस जांच अधिकारी देविंदर सिंह के मुताबिक, घायल युवकों में दिवांश (23) के सिर में गंभीर चोट आई है। दिवांश ही थार का मालिक बताया जा रहा है। वहीं युवराज गिल (21) की बाजू पर चोटें आई हैं। अन्य दो युवकों की हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।