ख़बरिस्तान नेटवर्क : लुधियाना के जगराओं में लुटेरों ने एक ज्यूलरी शॉप को अपना निशाना बनाया। लुटेरे दुकान के अंदर तेजधार तलवार और पिस्तौल लेकर अंदर घुसे। जिसके बाद उन्होंने ज्यूलर के माथे पर पिस्तौल रखकर डेढ़ मिनट के अंदर सब कुछ लूटकर फरार हो गए। लुटेरे करीब साढ़े 4 लाख रुपए की लूट करके फरार हुए हैं।
बदमाशों ने आते ही तलवार से हमला किया
ज्यूलर अशोक ने कहा कि मेरे पास कस्टमर बैठा था। बदमाशों ने आते ही तलवार से अटैक कर दिया और फिर पिस्टल निकाल ली। लुटरों ने गले पर तलवार रखी, माथे पर पिस्टल तानी। जिस पर मैंने उन्हें कहा कि जो लेना है ले लो बस जान बख्श दो। बदमाश दुकान के अंदर अचानक आए और तलवार से ग्राहक पर हमला करने लगे तो मैं डर गया। मैं लुटेरों को कहता रहा कि ग्राहक को मत मारो, लेकिन वो हमला करते रहे। बाद में उन्होंने मेरे पर भी अटैक कर दिया।
करीब साढ़े 4 लाख रुपए का सामान लेकर फरार
इस बारे में ज्यूलर के बेटे भवन ने बताया कि लुटेरों ने उनके पिता को डरा दिया था। लुटेरे तकरीबन चांदी 1 किलो, 5-6 ग्राम की सोने की चेन थी जी और तीन चैनें थीं 20-20 ग्राम की (सोने की)। तकरीबन 70 ग्राम के आसपास सोने की चेन हो गई और तीन डिब्बे थे। एक तो कंगन का था, कुछ चांदी की पायल थीं और चैनें थीं।