पंजाब और चंडीगढ़ में मौसम ने अचानक करवट ले ली है। मौसम विज्ञान केंद्र चंडीगढ़ ने 29 मई के लिए बारिश, तेज आंधी और बिजली गिरने का रेड अलर्ट जारी किया है। कई इलाकों में ओले गिरने की भी संभावना जताई गई है। वहीं कुछ जगहों पर लू चलने के आसार भी बने हुए हैं। मौसम विभाग के अनुसार हवाओं की रफ्तार 70 से 80 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है।
बीते 24 घंटों में राज्य के अधिकतम तापमान में 2.1 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है। तापमान अब सामान्य के करीब पहुंच गया है। फरीदकोट सबसे गर्म जिला रहा, जहां अधिकतम तापमान 45.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
गुरदासपुर, अमृतसर, तरनतारन, होशियारपुर, नवांशहर, कपूरथला, जालंधर, फिरोजपुर, मोगा, लुधियाना, संगरूर, फतेहगढ़ साहिब और पटियाला समेत कई जिलों में तेज हवाओं, बारिश, बिजली गिरने और ओलावृष्टि का अलर्ट जारी किया गया है।
बिजली की मांग घटी, अस्पतालों में हीट स्ट्रोक यूनिट शुरू
गर्मी के बीच गुरुवार को पंजाब में बिजली की मांग 11,064 मेगावाट दर्ज की गई। राज्य में 5,168 मेगावाट बिजली उत्पादन हुआ, जबकि 6,511 मेगावाट बिजली केंद्रीय पूल से ली गई। विभाग का दावा है कि लोगों को पावर कट से बचाने की कोशिश की जा रही है।
वहीं बढ़ती गर्मी को देखते हुए राज्य के जिला अस्पतालों, सब-डिवीजन अस्पतालों और कम्युनिटी हेल्थ सेंटरों में स्पेशल हीट स्ट्रोक मैनेजमेंट यूनिट्स शुरू कर दी गई हैं। यहां मरीजों के लिए आइस पैक्स, ठंडे फ्लूइड्स और जरूरी दवाइयों की व्यवस्था की गई है।
वही 30 मई को पठानकोट, रूपनगर और मोहाली में हल्की से मध्यम बारिश, बिजली गिरने और 50-60 KMPH की तेज हवाओं की संभावना है। जालंधर, अमृतसर, लुधियाना, पटियाला और बठिंडा समेत कई जिलों में भी बारिश और तेज हवाएं चल सकती हैं।
जबकि 31 मई को पठानकोट, गुरदासपुर, होशियारपुर, नवांशहर, फतेहगढ़ साहिब, रूपनगर, पटियाला और मोहाली में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है।