ख़बरिस्तान नेटवर्क : पंजाब के फरीदकोट से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहां 26 साल युवक की कथित तौर पर घर बुलाकर बेहद बेरहमी से हत्या कर दी गई। आरोप है कि विवाहित महिला ने युवक को मिलने के बहाने अपने घर बुलाया, जहां पहले उसके हाथ-पैर और मुंह बांधे गए और फिर तेजधार हथियार से उसकी हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान गांव हसनभट्टी निवासी अर्शदीप सिंह के रूप में हुई है। पुलिस ने परिजनों की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
महिला पर संबंध बनाने का दबाव डालने का आरोप
मृतक के पिता हरनेक सिंह, जो पंजाब पुलिस की कमांडो बटालियन में हेड कांस्टेबल हैं और वर्तमान में चंडीगढ़ में तैनात हैं, ने बताया कि उनका बेटा अर्शदीप सिंह शादीशुदा था और पिछले कुछ दिनों से मानसिक रूप से परेशान चल रहा था।
पूछने पर अर्शदीप ने बताया था कि गांव मचाकी कलां में रहने वाली और मूल रूप से गांव पिपली की निवासी विवाहित महिला हरप्रीत कौर उस पर अपने साथ संबंध रखने का दबाव बना रही थी। इस पर उन्होंने बेटे को भरोसा दिलाया था कि पंचायत के माध्यम से इस मामले का समाधान कराया जाएगा।
घर से गायब होने के बाद महिला के घर मिला शव
हरनेक सिंह के अनुसार, रविवार को अर्शदीप अचानक घर से लापता हो गया। काफी तलाश के बावजूद उसका कोई सुराग नहीं मिला। शक होने पर परिजन गांव पिपली स्थित हरप्रीत कौर के घर पहुंचे, जहां अर्शदीप का शव बरामद हुआ। उन्होंने आरोप लगाया कि शव के हाथ-पैर और मुंह बंधे हुए थे तथा कुल्हाड़ी से गर्दन और शरीर पर वार कर उसकी निर्मम हत्या की गई थी।
4 लोगों पर हत्या का आरोप, पुलिस जांच में जुटी
मृतक के पिता ने आरोप लगाया कि हरप्रीत कौर, उसके पति सिमरजीत सिंह, पिता चमकौर सिंह उर्फ कौर सिंह और भाई सतनाम सिंह ने मिलकर इस वारदात को अंजाम दिया। उनके बयान के आधार पर थाना सदर पुलिस ने चारों आरोपियों के खिलाफ हत्या सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है।
प्लानिंग के तहत किया गया मर्डर
थाना सदर के SHO इंस्पेक्टर राजेश कुमार ने बताया कि जांच में सामने आया है कि अर्शदीप सिंह को प्लानिंग के तरीके से घर बुलाया गया था। वहां उसके हाथ-पैर और मुंह बांधने के बाद तेजधार हथियार से उसकी हत्या कर दी गई। घटना की सूचना मिलते ही फॉरेंसिक टीम को मौके पर बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से अहम साक्ष्य जुटाए। पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है और मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है।