ख़बरिस्तान नेटवर्क : पंजाब में 2027 के विधानसभा चुनावों से पहले कांग्रेस के भीतर बढ़ती नाराजगी पर भाजपा के केंद्रीय राज्य मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू ने तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि कांग्रेस में जिस तरह की स्थिति बनी हुई है, उससे साफ है कि पार्टी के भीतर नेतृत्व को लेकर गंभीर असंतोष है।
बिट्टू ने राजा वड़िंग पर साधा निशाना
रवनीत बिट्टू ने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग का नाम लिए बिना कहा कि पार्टी के कई नेता पहले ही कह चुके थे कि मौजूदा नेतृत्व कांग्रेस को चुनाव नहीं जिता सकता। इसके बावजूद हाईकमान ने उसी नेता को प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंप दी। कांग्रेस के कई पूर्व विधायक भी मानते हैं कि आगामी विधानसभा चुनाव में पार्टी की स्थिति मजबूत नहीं है।
‘शोले’ फिल्म के सीन का दिया उदाहरण
बिट्टू ने अपने बयान में फिल्म शोले का जिक्र करते हुए कांग्रेस की मौजूदा स्थिति पर कटाक्ष किया। उन्होंने कहा कि फिल्म के एक दृश्य की तरह हालात बन गए हैं, जहां नेता अपने साथियों से “मेरे पीछे आ जाओ” कहता है, लेकिन उसके पीछे कोई दिखाई नहीं देता। आज प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष की स्थिति भी कुछ ऐसी ही नजर आ रही है।
सांसद चन्नी की कांग्रेस नेताओं के साथ मीटिंग
बिट्टू का यह बयान ऐसे समय आया है जब कांग्रेस के भीतर नेतृत्व को लेकर असंतोष खुलकर सामने आ रहा है। पूर्व मुख्यमंत्री और जालंधर से सांसद चरणजीत सिंह चन्नी ने अपने मोरिंडा स्थित आवास पर कांग्रेस नेताओं की बैठक बुलाई है, जिसमें तीन मौजूदा विधायकों समेत करीब 25 नेता शामिल हुए।
रंधावा ने पार्टी छोड़ने की अटकलों को खारिज किया-
वहीं, गुरदासपुर से सांसद सुखजिंदर सिंह रंधावा दिल्ली पहुंचकर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मिले। इस दौरान भाजपा के राज्यसभा सांसद तरुण चुघ भी उनके साथ मौजूद रहे। हालांकि रंधावा ने पार्टी छोड़ने की अटकलों को खारिज करते हुए कहा कि “अभी इतने भी बुरे दिन नहीं आए हैं।”