ख़बरिस्तान नेटवर्क : अमृतसर में श्री हरिमंदिर साहिब में माथा टेकने आए श्रद्धालु के साथ दर्दनाक हादसा हो गया। हादसे में अमृतधारी सिख बालक की पेड़ गिरने से मौत हो गई। मृतक की पहचान 13साल के राजप्रीत सिंह के रूप में हुई है और वह हरियाणा के सिरसा से श्रद्धालुओं के एक जत्थे के साथ आया हुआ था।
हरियाणा से आया था श्रद्धालुओं का जत्था
जानकारी के मुताबिक सिरसा से 15 श्रद्धालुओं का जत्था रविवार रात करीब 2 बजे श्री हरिमंदिर साहिब के दर्शन के लिए अमृतसर पहुंचा था। यह जत्था शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी की मुफ्त बस सेवा का इंतजार कर रहा था। इसी दौरान वहां मौजूद सालों पुराना एक पेड़ अचानक तेज आंधी के कारण गिर पड़ा।
पेड़ की चपेट में आने के कारण मौत
पेड़ की चपेट में आने के कारण राजप्रीत सिंह बुरी तरह से जख्मी हो गया। जब तक उसे अस्पताल लेकर जाते तब तक उसने दम तोड़ दिया। उसके शव को पुलिस ने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। जिसके बाद परिवार को बच्चे का शव सौंप दिया जाएगा। शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी ने इस हादसे पर दुख जताया है।