हमीरपुर (उत्तर प्रदेश) में गुरुवार देर रात आए तेज आंधी-तूफान के दौरान एक बड़ा हादसा हो गया। बेतवा नदी पर बन रहे निर्माणाधीन पुल का स्लैब अचानक गिर गया, जिसमें 5 मजदूरों की मौत हो गई, जबकि एक मजदूर अभी भी मलबे में फंसा हुआ है।
यह हादसा रात करीब 3 बजे हुआ, जब तेज बारिश और आंधी के कारण पुल का स्लैब भरभराकर नीचे गिर गया। उस समय कई मजदूर स्लैब के नीचे और आसपास मौजूद थे। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
पुलिस अधीक्षक अरविंद कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि मृतकों की पहचान लोकेंद्र निषाद (22), कुलदीप निषाद (19), सावंत यादव (28), सभाजीत (30) और पुष्पेंद्र सिंह चौहान (34) के रूप में हुई है। एक अन्य मजदूर राजेश पाल (42) अभी भी मलबे में दबा हुआ है, जिसे निकालने के लिए रेस्क्यू अभियान जारी है।सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस, प्रशासन और SDRF की टीम मौके पर पहुंच गई और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया गया।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लिया संज्ञान
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस हादसे का संज्ञान लेते हुए गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने अधिकारियों को तत्काल मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू ऑपरेशन तेज करने और घायलों के बेहतर इलाज के निर्देश दिए हैं।इधर, जिले में आए आंधी-तूफान से कई जगह पेड़ गिर गए और बिजली आपूर्ति भी प्रभावित हुई है। कई मकानों के टीनशेड उड़ने की भी खबर है। प्रशासन ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।